शामली। क्षेत्र के गांव बधेव कन्नूखेड़ा में छप्पर में आग लगने से दो मवेशियों की मौत हो गई।
गांव बधेव निवासी उत्तर कुमार पुत्र अजब सिंह रविवार सुबह मजदूरी के लिए गया हुआ था। सुबह करीब 8.30 बजे उत्तर के घर के बाहर छप्पर में आग लग गई। छप्पर के नीचे गाय और भैंस बंधी हुई थी। कुछ देर में ही आग ने भयंकर रूप ले लिया, जिस कारण दोनों मवेशी आग की चपेट में आकर झुलस गए।
इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। पास के तालाब से बाल्टियों से पानी लाकर ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसी दौरान ग्रामीणों ने फायरब्रिगेड को सूचना दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, मगर तब तक दोनों मवेशी की जान जा चुकी थी।
पशु पालक उत्तर कुमार का कहना है कि अग्निकांड में उसको करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। ग्राम प्रधान राजपाल सिंह ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।