शामली में आरके इंटर कालेज में पुलवामा हमले में शहीद हुए प्रदीप प्रजापति और अमित कोरी के चित्र पर ?
- फोटो : SHAMLI
शामली। राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज शामली में एक साल पहले पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान अमित कोरी और प्रदीप कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शहीद हुए दोनों जवान इसी कालेज के छात्र थे। इनके अलावा पूर्व वर्षों में शहीद हुए अन्य दो जवानों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज शामली में 14 फरवरी 2019 में पुलवामा में आतंकवादी हमले में शहीद हुए रेलपार निवासी अमित कुमार और बनत निवासी प्रदीप कुमार के साथ पूर्व वर्षों में शहीद हुए कालेज के छात्र शहीद पुष्पेंद्र कुमार और शहीद वेदमित्र को कालेज परिवार सदस्यों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्य कैप्टन लोकेंद्र सिंह और प्रबंध संचालिका नीता जैन समेत स्टाफ के लोगों ने शहीदों के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। कैप्टन लोकेंद्र सिंह ने सीआरपीएफ के शहीद हुए जवान अमित कोरी और प्रदीप कुमार दोनों कालेज में पूर्व में छात्र रहे हैं। एक साल पहले दोनों पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। इसके अलावा कालेज के पूर्व छात्र सीआरपीएफ के शहीद पुष्पेंद्र कुमार निवासी गांव नौनांगली 1990 में महाराष्ट्र के थाना नागोपुर में कई जिंदगी बचाते हुए कारखाने में गैस विस्फोट में शहीद हो गए थे।
58 इंजीनियर कोर भारतीय सेना के वेदमित्र निवासी टिटौली भी कालेज के पूर्व में छात्र रहे है। वे 2015 में मेरठ में एक महिला को गुंडों से बचाते हुए शहीद हो गए थे। शहीद वेदमित्र को 2016 में राष्ट्रपति द्वारा जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि कालेज परिवार के लिए ये बेहद भावुक और गौरव का क्षण है। हम वीर शहीदों की पुण्य आत्माओं को शत-शत नमन करते है। इस अवसर पर नीता जैन, श्रवण कुुमार, नीरज बेनिवाल, पवित्र चौधरी, प्रमोद कुमार, राधेश्याम, दिनेश कुमार, रवि खन्ना आदि मौजूद रहे।