शामली। डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में शहरी क्षेत्र के राशन डीलरों को प्वाइंट ऑफ सेल मशीन का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही राशन डीलरों को मशीनें वितरित की गई।
गौरतलब है कि राशन की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाने और राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए प्वाइंट ऑफ सेल मशीनों के प्रयोग की व्यवस्था शुरू की गई है।
पहले चरण में शामली जिले के शहरी क्षेत्र के राशन डीलरों को 117 मशीनें मिलेंगी। इसी सिलसिले में बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में राशन डीलरों को मशीनों के प्रयोग का प्रशिक्षण दिलाया गया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने राशन डीलरों से कहा कि राशन वितरण की व्यवस्था नई टेक्नोलॉजी के साथ की जानी है।
राशन वितरण उन्हीं कार्ड धारकों को किया जाएगा जिनके राशन कार्ड आधार कार्ड से जुडे़ होंगे। ऐसा करने से राशन लेने वाले को किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पडे़गा ।
इस सुविधा के लिए आधार कार्ड होना अति आवश्यक है। साथ ही कहा कि अगर राशन लेने वाला मुखिया भी राशन लेने नहीं आ सकता तो उसके परिवार का कोई भी सदस्य जो आधार कार्ड से से जुड़ा हो राशन ले जा सकता है। पहले चरण में शहरी क्षेत्र के सभी राशन डीलरों को यह मशीनें दी जा रही है। बाद में ग्रामीण अंचल के राशन डीलरों को मशीन दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन के प्रयोग से राशन की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।
प्वाइंट ऑफ सेल मशीन का प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षक अनुज गौतम ने राशन डीलरों मशीन के प्रयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय, निरीक्षण अधिकारी दीपा वर्मा के अलावा शहरी क्षेत्र के समस्त राशन डीलर उपस्थित रहे।