शामली। दिल्ली-शामली-सहारनपुर रूट पर शनिवार को कासिमपुर खेड़ी और बागपत के बीच सुबह 10 बजे से करीब 6.5 घंटे का मेगा ब्लॉक शुरू हुआ। इससे रूट पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया, जिससे यात्रियों की भारी परेशानियां सामने आईं।
मेगा ब्लॉक के चलते ऋषिकेश-दिल्ली एक्सप्रेस और दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस को पूरी तरह स्थगित कर दिया गया। अचानक शेड्यूल बिगड़ने से यात्रियों को शामली स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोग ट्रेनें रद्द देख स्टेशन से वापस लौट गए।
शामली से 2:20 बजे दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब दो घंटे देरी से 4:30 बजे रवाना हुई। वहीं सहारनपुर से शामली होकर दिल्ली जाने वाली ट्रेन शाम पांच बजे आगे रवाना हो सकी।
यात्रियों ने बताया कि मेगा ब्लॉक की कोई जानकारी पहले नहीं दी गई। दिल्ली और बागपत जाने वाली सुनीता, सुनील, रवीता और अशु ने कहा कि घंटों इंतजार करने के बाद मजबूरन उन्हें रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक आशीष कुमार सैनी के मुताबिक ट्रेनों को ब्लॉक समाप्त होने के बाद ही आगे रवाना किया गया।