शामली। शहर के धीमानपुरा फाटक पर शनिवार दोपहर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। दो मालगाड़ियों और अन्य ट्रेनों के लगातार आवागमन के कारण फाटक को कई बार बंद किया गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन चालक जाम में फंसे रहने से काफी परेशान हुए।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शामली स्टेशन से होकर दो मालगाड़ियां और अन्य ट्रेनें गुजरीं। इस दौरान रेलवे फाटक को जल्दी-जल्दी तीन बार बंद किया गया। बार-बार फाटक बंद होने से शहर में शिव चौक तक और दूसरी तरफ कुड़ाना मोड़ तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। वाहन चालक एक घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहने को मजबूर रहे। फाटक खुलने पर यातायात पुलिसकर्मियों को वाहनों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आमने-सामने वाहन आने से जाम की समस्या और बढ़ गई, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई।
यातायात प्रभारी निधि चौधरी ने बताया कि ट्रेनों और दो मालगाड़ियों के निकलने के कारण फाटक बार-बार बंद हुआ। इसी वजह से जाम की समस्या बनी रही। उन्होंने कहा कि यातायात संचालन के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहती है। उनकी कोशिश रहती है कि शहर में कहीं भी जाम न लगे।