शामली। जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने रोडवेज डिपो और आधुनिक बस अड्डा स्थापित करने, जाम से छुटकारे के लिए शहर में पार्किग की व्यवस्था किए जाने, शहर के बीच बुढ़ाना रोड नाले के पुल की पानी की निकासी के लिए चौड़ाई बढ़ाने और भैंसवाल से आने वाले बरसाती पानी को कृष्णा नदी बनत में डलवाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में दोपहर एक बजे जिला व्यापार बंधु की बैठक एडीएम संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने आधुनिक बस अड्डा, डिपो कार्यशाला की मांग की। बुढ़ाना रोड पर बसों को दुकानों के बजाए किसी अन्य स्थान पर खड़ा कराने की मांग की।
मंडल के जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह ने गोहरनी की ओर से शहर के नाले के बरसाती पानी को बनत कृष्णा नदी में डलवाने और बुढ़ाना रोड नाले के नीचे के पुल को पानी की निकासी के लिए चौड़ा किया जाए। व्यापारी सुरक्षा फोरम के अध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा ने जाम से निजात दिलाने के लिए पार्किग और पार्क की व्यवस्था करने की मांग की।
शामली के दवा विक्रेता ने बुढ़़ाना रोड का निर्माण, कांधला के ईश्वर दास कंसल ने बलवा बाईपास से लेकर शामली के अजंता चौक तक गड्ढे को भरवाने, कांधला से मुजफ्फरनगर तक यूपी रोडवेज की बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की। बैठक में कांधला बस स्टैंड पर यात्री शेड बनवाने और अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, कांधला स्थित नवनिर्मित नहर पुल के पास रखे ट्रांसफार्मर को हटाए जाने की मांग की।
बैठक में राज्य कर उपायुक्त धर्मेंद्र कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर राज्य कर प्रशांत कुमार, श्रीकांत जैन, सचिन गोयल, वितुल कुमार, वरुण जैन आदि मौजूद रहे।