शामली में जीआरपी थाने में धरने पर बैठे किशोरी के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में चार दिन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता किशोरी के मामले में जब जीआरपी थाने ने एफआईआर दर्ज नहीं की तो मजबूरन किशोरी के परिजनों को थाने के सामने धरना धरना देना पड़ गया। इसके बाद हरकत में आई जीआरपी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। उधर, दूसरे पक्ष ने भी किशोरी के परिजनों पर युवक का अपहरण करने का मामला कोतवाली पुलिस में दर्ज कराया है।
शामली कोतवाली के मोहल्ला रामशाला निवासी किशोरी को 20 फरवरी को अपने पिता के पास शाहदरा जाना था, जिसके बाद किशोरी की मां अपनी ननद के लड़के शिवम और बेटी को दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठाकर घर आ गई थी, तब से दोनों लापता है। इसकी शिकायत परिवार ने जीआरपी पुलिस को की, लेकिन पुलिस ने टरका दिया। पीड़ित परिवार कोतवाली में पहुंचा तो पुलिस ने वहां जीआरपी थाने में भेज दिया। चार दिन से मामले में कार्रवाई नहीं होने पर परिजन इधर-उधर के चक्कर काटते रहे। रविवार को किशोरी के परिजन जीआरपी थाने पर पहुंचे और कार्रवाई करने की मांग करते हुए थाने के सामने हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया और धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि चार दिन से उनकी बेटी लापता है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। हंगामा प्रदर्शन शुरू होने पर जीआरपी पुलिस हरकत में आई और मामले में पिता की तहरीर पर जीआरपी ने आरोपी युवक शिवम, पिता जितेंद्र ओर आरोपी की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। उधर, इसी मामले में शनिवार को युवक के पिता जितेंद्र ने एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनके पुत्र शिवम को महिला पुष्पा 20 फरवरी को फोन कर अपने घर पर बुलवाया था, तब से उनका पुत्र लापता है। जितेंद्र ने आशंका जताई कि आरोपियों ने उनके पुत्र का अपहरण कर उसको गायब कर दिया।
घटनास्थल को लेकर पीड़ित को चक्कर कटाती रही पुलिस
शामली। अपहृत किशोरी के पिता के अनुसार 20 फरवरी को उसकी पत्नी ने बेटी तथा शिवम को ट्रेन में शाहदरा जाने के लिए बैठाया, जिसके बाद से दोनों गायब है। वह जीआरपी थाने में तहरीर लेकर पहुंचे तो उन्होंने घटनास्थल कोतवाली पुलिस का बताकर उनको वहां से चलता कर दिया, जिसके बाद पीड़ित कोतवाली में पहुंचे तो कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल जीआरपी का बताकर उनको वहां भेज दिया। चार दिन तक अगवा किशोरी के परिजन दोनों थानों के चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उनको बरामद कर लिया जाएगा
-सुनील दत्त, एसओ जीआरपी