शामली। 28 मई को बकरीद को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने पूरे जिले को चार जोन और दस सेक्टरों में बांटते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी शुरू कर दी है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बकरीद के मद्देनजर शामली, कांधला और कैराना समेत विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही कुर्बानी के बाद अवशेष खुले में न डालने की भी अपील की गई है, ताकि साफ-सफाई और कानून व्यवस्था बनी रहे।
उलमा ने भी की नियमों का पालन करने की अपील
जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना शौकीन ने कहा कि सड़क पर नमाज पढ़ने से लोगों को परेशानी होती है, इसलिए अकीदतमंद मस्जिदों और निर्धारित स्थानों पर ही नमाज अदा करें। वहीं हाफिज अय्यूब ने भी लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सड़क पर नमाज पढ़ने से बचने की अपील की।
कुर्बानी की वीडियो सोशल मीडिया पर डाली तो होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा है कि कुर्बानी की वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने वाली पोस्ट, आपत्तिजनक टिप्पणी और भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।