मिनी ट्रक की की चपेट में आकर बाइक सवार तीन युवकों की मौत
कैराना (शामली)। कोतवाली क्षेत्र में पानीपत रोड पर गांव पंजीठ मोड़ के निकट मिनी ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के भेज दिया। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर हरियाणा के पानीपत निवासी चालक सनी दयाल को हिरासत में ले लिया है। युवकों की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया है।
कस्बा कैराना के मोहल्ला भूरा चुंगी नौगजा पीर निवासी अकरम (40), वसीम (35) और शाहरुख (20) पानीपत स्थित कंबल फैक्टरी में श्रमिक थे। मंगलवार रात को तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। मंगलवार की रात करीब आठ बजे कैराना क्षेत्र में पानीपत रोड पर गांव पंजीठ मोड़ के निकट सामने से आ रहे मिनी ट्रक की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से तीनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही तीनों के परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को निजी गाड़ी से शामली पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक सनी दयाल, निवासी सेक्टर-29 पानीपत (हरियाणा) को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शाहरुख की 25 दिन बाद शादी होनी थी
हादसे में मारे गए शाहरुख की अगले महीने 10 जनवरी को शादी होनी तय हुई थी। उसका रिश्ता बड़ौत क्षेत्र के एक गांव से तय हुआ था। घर में शादी की तैयारी चल रही थी, लेकिन युवक की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्लेवासियों के मुताबिक अकरम और वसीम के तीन-तीन बच्चे है।
मोहल्ला भूरा चुंगी में शोक छाया
कैराना के मोहल्ला भूरा चुंगी में तीनों के घर आसपास हैं। सड़क दुर्घटना में तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि तीनों युवक गरीब परिवार से थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों के साथ ही मोहल्ले के लोग भी मोर्चरी पर पहुंच गए।