दुल्लाखेड़ी बिजलीघर पर डकैती के खुलासे में लगी तीन टीमें
शामली। गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र के गांव दुल्लाखेड़ी में बिजलीघर पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती की घटना में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी। दुल्लाखेड़ी बिजलीघर पर डकैती के खुलासे में पुलिस की तीन टीमें लगी हुई है।
मंगलवार रात को दुल्लाखेड़ी बिजलीघर पर छह बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मचारी महेश और मोनू को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश ट्रांसफार्मर से करीब 30 लाख रुपये का तांबा निकालकर किसी वाहन में लादकर फरार हो गए थे। एसपी नित्यानंद राय और एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर थाना पुलिस को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एसपी ने सीओ भवन अमित सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें खुलासे के लिए लगाई गई है, लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस टीमें बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि पुलिस की टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
एसपी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
शामली। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता जेके पाल ने बताया कि जिले में गांव दुल्लाखेड़ी और अंबेहटा याकूबपुर में दो बिजलीघरों पर हुई लूट की वारदात को लेकर एसपी नित्यानंद राय से बात की गई है। एसपी ने उन्हें दोनों घटनाओं का जल्द खुलासा किए जाने और सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है।