देवबंद। नगर पालिका परिषद में आयोजित कार्यक्रम में तीन सफाई कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान उन्हें तीन-तीन लाख रुपये के चेक सौंपे गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
शनिवार को नगर पालिका परिषद में हुए कार्यक्रम में सफाई नायक देवेंद्र और दो सफाई मित्र सेवानिवृत्त हुए। पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग ने आशा जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद उनका जीवन परिवार के साथ सुखमय बीते। ईओ राजपति बैस ने कहा कि सेवानिवृत्ति पर मिली धनराशि जीवनभर की पूंजी है। इसका उपयोग परिवार के पालन-पोषण और भविष्य को सुरक्षित बनाने में करें। उन्होंने बताया कि शेष देय धनराशि भी जल्द ही कर्मचारियों के खातों में भेज दी जाएगी।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष सुनील और महामंत्री अविनाश वाल्मीकि ने यूनियन की ओर से सफाई नायक देवेंद्र को 34 वर्ष की सेवा के लिए जीवन सम्मान पत्र भेंट किया। जबकि पालिका अध्यक्ष ने पगड़ी पहनाकर, ईओ और सभासदों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर सफाई लिपिक बिरला सूद, अजय गांधी, राजन छाबड़ा, श्याम चौहान, वाजिद, राहुल वाल्मीकि, एसआई पोपिन कुमार, शंकरपाल, रईस, मोबिन आदि मौजूद रहे।