शामली। कोहरे के कारण जिले में मंगलवार को सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कैराना क्षेत्र के गांव पांवटी कला निवासी परवेज (17) अपने भाई मुस्तफा और पड़ोसी युवक आमिर के साथ स्कूटी से झिंझाना के गाडीवाला चौराहा स्थित एसडीएस स्कूल जा रहा था। वह कक्षा आठवीं का छात्र था।
कैराना-झिंझाना मार्ग पर जमालपुर गांव के निकट सामने से आ रहे ट्रक ने तीनों को कुचल दिया। परवेज की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायलों को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया गया। मुस्तफा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि आमिर को रेफर कर दिया गया है।
शामली के गांव सिंभालका निवासी सतबीर मंगलवार की सुबह वह मेरठ-करनाल हाईवे पर अपनी दुकान पर काम कर रहा था। कोहरा होने के कारण एक बाइक सवार ने उसको टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। घायल को मेरठ के लिये रेफर कर दिया था। रास्ते में ले जाते समय मौत हो गई।
शामली के बक्खीवाला में जिला पटियाला निवासी हरप्रीत पुत्र अमरीक सिंह (28) ट्रक लेकर पटियाला जा रहा था। ट्रक में बाजरा भरा हुआ था।
काबडौत पुल के पास उसके आगे चल रहे ट्रक ने तेज ब्रेक लगा दिए। हरप्रीत सही समय पर ब्रेक नहीं लगा पाया। नतीजतन उसका ट्रक सामने वाले ट्रक में जा टकराया। हादसे में हरप्रीत ट्रक में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद गैस कटर से ट्रक की बॉडी काटकर हरप्रीत को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
शामली में पिलखवा निवासी राकेश अपनी कार से करनाल की ओर जा रहा था। काबड़ौत पुल के पास कोहरे के कारण उसकी कार की भिड़ंत ट्रक से हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। सरकारी अस्पताल में उसका इलाज कराया गया। शामली कोतवाली क्षेत्र में बुलंदशहर निवासी इस्तफा खां चंडीगढ़ से ट्रक लेकर नोएडा जा रहा था।
काबड़ौत पुल के पास कोहरे के कारण दूसरे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। मंगलवार की दोपहर टिटौली निवासी हरवीरी मेरठ-करनाल हाईवे क्रास कर रही थी। उसी दौरान कोहरे के कारण करनाल की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गई।
उधर, थानाभवन के गांव गोंसगढ निवासी नरेंद्र पुत्र चंद्रसिंह अपने ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना लादकर बजाज शुगर मिल की ओर जा रहा था। दूसरी तरफ से आ रही छुटमलपुर डिपो की बस ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में बस चालक विशाल वालिया घायल हो गया। चालक को स्वास्थ केंद्र पर भर्ती कराकर उपचार कराया गया।
उधर, थानाभवन ऊन मार्ग से प्लास्टिक दाने से लदा ट्रक सहारनपुर की ओर जा रहा था। ट्रक थानाभवन के बिजली घर के सामने स्थित मोड़ पर पहुंचा तो कोहरे के कारण मार्ग न दिखने से ट्रक सड़क किनारे बने तालाब में पलट गया। उधर, ट्रक में सफेद प्लास्टिक के स्थान पर चीनी होने की सूचना पर लोग चीनी लेने के लिए दौड़ पड़े।