शामली। शामली रेलपार बाइपास निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने शामली रेलपार बाइपास के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार कर लिया है। शीघ्र ही विकास प्राधिकरण इस मार्ग का लोक निर्माण विभाग की तर्ज पर निर्माण कराएगा।
शहर के गुरुद्वारे से लेकर मेरठ-करनाल मार्ग को जोड़ने वाले 1400 मीटर शामली रेलपार बाइपास खस्ता हाल में है। शहरवासी लगातार शामली बाइपास का निर्माण करने की मांग कर रहे थे, किंतु नगर पालिका परिषद इस मार्ग को लोक निर्माण विभाग के आधीन बताकर सड़क निर्माण नही करा रही थी। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को नगरपालिका परिषद की सीमा क्षेत्र बताकर अपने हाथ खींच लिए थे। लोक निर्माण विभाग एवं शामली नगर पालिका परिषद के मध्य विवाद होने से शामली रेलपार बाइपास का निर्माण में अधर में लटका हुआ था।
थानाभवन विधायक सुरेश राणा को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार का दर्जा मिलने के बाद कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई पहली बैठक में शामली बाइपास का मामला उठाया गया था।
राज्यमंत्री सुरेश राणा ने इस मार्ग के निर्माण के लिए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनोद यदुवंशी को पत्र भेजकर शामली बाइपास का पुन: निर्माण कराने के निर्देश दिए थे।
राज्य मंत्री के निर्देश पर विकास प्राधिकरण ने शहर के गुरुद्वारा मोड़ से लेकर मेरठ करनाल को जोड़ने वाले शामली रेलपार बाइपास का इस्टीमेट तैयार करा लिया है। 1400 मीटर लंबाई व 7 मीटर चौड़ाई वाले इ स मार्ग का तीन करोड़ रूपये का एस्टीमेट तैयार होगया है।
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण शामली कार्यालय के प्रभारी सुशील शर्मा ने बताया कि शामली बाइपास के निर्माण की तैयारी पूरी कर ली है। विकास प्राधिकरण के पास सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध है। लोक निर्माण विभाग की तर्ज पर शामली बाइपास का निर्माण कराएगा।