थानाभवन/जलालाबाद (शामली)। थानाभवन क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों बदमाशों ने आठ दिन पहले हरिद्वार में युवक की हत्या कर दो लाख रुपये की लूट की थी। इनमें शामिल दो बदमाशों ने 10 दिन पहले जलालाबाद में दवा-बीज कंपनी के प्रतिनिधि की बाइक भिड़ने को लेकर लेकर हुए विवाद में गोली मारकर हत्या की थी।
रविवार को एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि शनिवार देर रात थानाभवन पुलिस द्वारा जलालाबाद चौकी क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर तीन युवकों को रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक को तेजी से लेकर भाग निकले। रजबहे की पटरी खानपुर पुलिया पर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 32 बोर की देशी पिस्टल, तमंचे, कारतूस, बिना नंबर की बाइक और 86 हजार रुपये बरामद हुए। एसपी ने बताया मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश का नाम मोहसिन निवासी गांव कुल्हैड़ी थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर है। उसके साथ पकड़े गए अन्य बदमाशों के नाम रोहित निवासी गादरहेड़ी थाना सरसावा जनपद सहारनपुर और सालिम निवासी गांव कुल्हैड़ी थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर है। रोहित लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर आदि के करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं। मोहसिन हिस्ट्रीशीटर है। उस पर लूट, हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी के करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों बदमाश पूर्व में जेल जा चुके हैं। सालिम के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। एसपी ने बताया कि डीआईजी सहारनपुर ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बाइक भिड़ने पर हुए विवाद में कपिल को मारी थी गोली
शामली। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की गई तो जलालाबाद में 11 जून को दवा-बीज कंपनी के प्रतिनिधि कपिल कौशिक निवासी गांव गोहरपुर थाना आदर्श मंडी की हत्या का खुलासा हुआ।
बदमाशों ने बताया कि रोहित और मोहसिन अपने एक अन्य साथी जिसका नाम साजेब बताया गया है। उसके साथ बाइक पर 11 जून की शाम करीब चार बजे जलालाबाद से सहारनपुर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में सहारनपुर रोड पर बिजलीघर के निकट उनकी बाइक कपिल की बाइक से टकरा गई थी। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। जब भीड़ इकट्ठा होने लगी तो मोहसिन ने पिस्टल से कपिल को गोली मार दी थी। इसमें कपिल की मौके पर मौत हो गई। हत्या के खुलासे के लिए सीओ भवन अमित सक्सेना के नेतृत्व में थानाभवन थाना प्रभारी, स्वाट और सर्विलांस सहित कई टीमों को लगाया गया था। पुलिस टीमों की जांच में और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मौके पर मिले एक बैग और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंची। कपिल की हत्या में शामिल रहा साजेब अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
13 जून को भगवानपुर में युवक की हत्या कर लूटे थे दो लाख
शामली। एसपी ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ में जिला हरिद्वार के थाना भगवानपुर क्षेत्र में युवक की हत्या कर दो लाख रुपये की घटना का खुलासा हुआ है। 13 जून को रोहित, मोहसिन और सालिम ने थाना भगवानपुर क्षेत्र में मिनी बैंक का पैसा लेकर जा रहे युवक की हत्या कर दो लाख रुपये लूट लिए थे। थाना भगवानपुर में लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। भगवानपुर पुलिस को भी मौके से सीसीटीवी फुटेज मिले थे। उनकी भी जांच की गई थी। थाना भगवानपुर में लूटे गए दो लाख रुपये में से गिरफ्तार बदमाशों के पास से 86 हजार रुपये बरामद हुए है। एसपी ने बताया कि बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना जिला हरिद्वार पुलिस को दी गई । हरिद्वार जिले की पुलिस टीम थानाभवन पहुंचकर बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
सहारनपुर जेल में हुई थी रोहित और मोहसिन की मुलाकात
शामली। एसपी ने बताया कि रोहित और मोहसिन की मुलाकात सहारनपुर जेल में हुई थी। मोहसिन पांच जून को ही जेल से छूटकर बाहर आया था। इसके बाद मोहसिन ने रोहित के साथ मिलकर उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के थाना भगवानपुर क्षेत्र में लूट करने की योजना बनाई थी। 11 जून को जलालाबाद में कपिल की हत्या के बाद बाइक से वे भगवानपुर में स्थित रोहित की रिश्तेदारी में पहुंचे थे।