शामली। शहर की सब्जी मंडी सर्राफा मार्किट में चांदी की ढलाई का कार्य करने वाले तीन कारीगर भाई बाजार के 10 से ज्यादा सराफा व्यापारियों की लगभग 25 लाख रुपये की कीमत की चांदी और लगभग एक लाख 85 हजार रुपये लेकर भाग गए। पीड़ित सराफा व्यापारियों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शहर के सराफा कारीगरों ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सब्जी मंडी सराफा मार्किट में चांदी की ढलाई का कार्य करने वाले तीन भाईयों के पास आठ-दस सराफा कारीगरों ने लगभग 25 किलोग्राम चांदी जमा कराई थी। ये चांदी उन्हें ढलाई के लिए दी गई थी। इसके अलावा आरोप है तीनों भाई दुकान बंद कर भाग गए। इसके अलावा दो कारीगरों से लगभग एक लाख 85 हजार रुपये नकद भी ले गए। उनकी दुकान 29 जून से बंद चल रही है।। पीड़ित सराफा कारीगर अमरीश वर्मा, अनुज वर्मा, राजेश वर्मा, संजय वर्मा, शुभम वर्मा, विशाल वर्मा, रवि वर्मा, मोंटी वर्मा, नीशू वर्मा आदि ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सराफा कारीगरों ने चांदी की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।