महिला कांस्टेबल से लूट में सराफ सहित तीन गिरफ्तार
शामली/गढ़ीपुख्ता। थाना गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में महिला कांस्टेबल और उसके भाई से लूटपाट के मामले में पुलिस ने सराफ सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से लूटे गए गहने, मोबाइल, नगदी और लूट में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद किया गया है। गिरफ्तार लोगों में अजमल, रज्जू उर्फ शहनवाज और सराफ दीपक शामिल है। एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बुधवार को एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मंगलवार शाम को जिला सहारनपुर के थाना तीतरो क्षेत्र के गांव भावसा निवासी अनिल कुमार अपनी बहन प्रियंका के साथ बाइक से गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र के गांव कच्चीगढ़ी से बच्चे को दवा दिलाने जा रहे थे। कच्ची गढ़ी रजबहे पटरी पर बाइक पर आए तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर भाई-बहन को रोक लिया। बदमाशों ने इन लोगों से दो अंगूठी, कानों के कुंडल, मोबाइल लूट लिया था। इस घटना की रिपोर्ट अनिल की तरफ से गढ़ीपुख्ता थाने पर दर्ज कराई गई थी। एसपी ने बताया कि अनिल की बहन प्रियंका महिला कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बिजनौर जिले में तैनात हैं। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए गढ़ीपुख्ता पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया था।
एसपी के मुताबिक बुधवार को गढ़ीपुख्ता पुलिस और एसओजी टीम ने सूचना के आधार पर गांव मुंडेट के गेट के निकट से लूट करने वाले दो बदमाश अजमल निवासी, गांव बुंटा व रज्जू उर्फ शहनवाज, निवासी गांव कच्ची गढ़ी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी शाहरुख निवासी गांव कच्ची गढ़ी फरार है। आरोपियों से पूछताछ के बाद लूट का माल खरीदने के आरोपी सराफ दीपक, निवासी कच्ची गढ़ी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए गहने, मोबाइल, 9550 रुपये नगद, तमंचा, कारतूस और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। इस घटना में फरार तीसरे बदमाश की तलाश की जा रही है। एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
नशे की खातिर पैसे की जरूरत पूरी करने की थी लूट
शामली। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि लूट करने वाले तीनों आरोपी स्मैक आदि का नशा करते हैं। नशे के लिए पैसे की जरूरत पूरी करने के लिए लूट की साजिश रची। मंगलवार दोपहर बाद कच्ची गढ़ी नहर पटरी पर बाइक से कच्ची गढ़ी की तरफ जा रहे भाई-बहन को देखकर उन्हें लूट की वारदात की और मौके से फरार हो गए। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अपनी बाइक के नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा दी थी।