शामली के चौसाना में लूट की योजना बनाने के आरोप में पकड़े गए दो बदमाशों समेत तीन आरोपी चौसाना पुलिस की कस्टडी से फरार हो गए। इस मामले में रात्रि ड्यूटी पर तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया गया। वहीं, फरार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी तलाश में चौसाना पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया है।
चौसाना चौकी पुलिस ने बुधवार को लूट की योजना बनाने के आरोप में दो आरोपियों गुफरान निवासी चौसाना व रहीस निवासी माही कोटा जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया था। एक अन्य युवक भी पुलिस की हिरासत में था, जो हवालात से बाहर था। बताया गया कि बुधवार की रात में सिपाही योगेंद्र सिंह सो गया। जबकि होमगार्ड संजय ड्यूटी से नदारद हो गया। इसी दौरान हवालात से बाहर बैठे युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए लॉकअप में बंद बदमाशों को टेबिल से चाबी उठाकर पकड़ा दी। दोनों बदमाश लॉकअप का ताला खोलकर व चाबी से हथकड़ी को खोलकर फरार हो गए। हवालात से बाहर बैठा युवक भी भाग निकला।
इस पर एसओ व सीओ कैराना ने बदमाशों को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। सूचना पर एएसपी ओपी सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सिपाही योगेंद्र से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।