बिजली कर्मचारी बताकर हजारों रुपये ठगे
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। गांव गढ़ी दौलत में एक युवक ने खुद को विद्युत कर्मचारी बताकर कई लोगों से बिजली के बिलों में छूट का लालच देकर हजारों रुपये ठग लिए। छूट नहीं मिलने पर आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमकर मारपीट की। आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी राशिद, कामिल व सादिक ने बताया कि कई दिन पूर्व एक युवक बाइक से उनके घर आया था। युवक ने तीनों ग्रामीणों को अपने आप को कांधला बिजलीघर का कर्मचारी बताते हुए बिजली के बिलों में भारी छूट का लालच देकर 16 हजार पांच सौ रुपये ले लिए थे। रविवार को युवक फिर से गांव पहुंचा और कई ग्रामीणों को लालच देने का प्रयास किया। इसी बीच पीड़ित राशिद भी मौके पर पहुंच गया। युवक ने ठग के बारे में बिजलीघर पर पता किया तो पता चला कि यह युवक बिजलीघर पर तैनात नहीं है।
ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की। मौका पाकर युवक अपनी बाइक गांव में छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।