बाबरी (शामली)। करौदा हाथी गांव में खाप चौधरियों की पंचायत में हाल ही में हरियाणा के हिसार में शामली और मुजफ्फरनगर के दो लोगों द्वारा खाप चौधरियों के बारे में की गई टिप्पणी पर आक्रोश जताया।
पंचायत में बालियान खाप के चौधरी और भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत ने कहा कि शामली और मुजफ्फरनगर के दो लोगों ने हरियाणा के हिसार में खाप चौधरियों को लेकर विवादित टिप्पणी की है, जो गलत और निंदनीय है। मामला सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। दोनों को सिसौली में जाकर बाबा टिकैत और चौधरी चरणसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गलती माननी चाहिए।
खाप चौधरियों ने कहा कि कुछ लोग समाज को भटकाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों से बचकर रहना है। खाप चौधरियों को मिलकर समस्याओंं का समाधान करना है। खाप चौधरी एक हैं और एक ही रहेंगे। पंचायत में धनखड़ खाप के वीरेंद्र सिंह, देशवाल खाप के चौधरी शरण सिंह, चौधरी सुखपाल सिंह, विनोद कुमार, निर्वाल खाप के नितिन वर्मा, गठवाला खाप के बाबा राजेद्र सिंह, बत्तीसा खाप के शोकिंद्र सिंह, गौरव कुमार मौजूद रहे।।
खाप चौधरियों में हुई नोकझोंक
हसनपुर के थांबे में नियुक्ति को लेकर काफी देर तक बाबा श्याम सिंह और बाबा राजेंद्र के बीच नोकझोंक हुई। उन्हेंं किसी तरह शांत कराया गया। समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने को लेकर भी विचार विमर्श किया गया।