लॉकडाउन में ये हाल, तो बाद में क्या होगी शहर की हालत
शामली। अभी लॉकडाउन पूरी तरह से नहीं खुला है, लेकिन शहर जाम से बेहाल है। शुक्रवार को भी गन्ने के वाहनों से शहर दिन भर जाम से जूझता रहा। रुक-रुक कई बार जाम लगता रहा और लोग परेशान होते रहे। लोगों ने भी जरा सी छूट मिलते ही अपने वाहन लेकर दौड़ लगानी शुरू कर दी। सोशल डिस्टेंसिंग को भी गंभीरता से नहीं ले रहे।
एमएसके रोड पर गन्ने के वाहनों से लगा जाम
एमएसके रोड पर सड़क के एक तरफ जाम लगा था। अग्रसेन पार्क से लेकर भिक्की मोड़ पर गन्ने के वाहन सड़क पर एक तरफ खड़े थे। जिस कारण सड़क पर दो चार चार पहिया वाहन आते ही जाम के हालात लग जाते थे। कई बाहर यहां रुक-रुक कर जाम लगा।
शुगर मिल रोड पर बुरा हाल
शुगर मिल रोड पर गन्ने की बुुग्गियों से समस्या बनी। मिल रोड पर मुड़ने से पहले अग्रसेन पार्क के सामने गन्ने के वाहन खड़े होने से इस मोड़ पर भी जाम लगता रहा। वीवी इंटर कालेज की ओर से जैसे ही कोई वाहन शुगर मिल रोड पर मुड़ता कुछ देर के लिए सड़क जाम हो रही थी।
जाम में फंसी एंबुलेंस, किसी को नही फिक्र
जाम के कारण एमएसके रोड पर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस भी फंसी थी। हालांकि उस वक्त उसमें मरीज नहीं था, लेकिन कोई गंभीर मरीज एंबुलेंस में जाम के कारण फंस जाए तो उसकी जान पर आफत आ सकती थी। पिछले साल इसी तरह शहर में लगे जाम की वजह से रेफर किया गया एक मरीज एंबुलेंस के ना निकल जाने की वजह से समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सका और उसने दम तोड़ दिया था।
नाला पटरी सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़
शहर की नाला पटरी सब्जी मंडी में भी भीड़ नहीं थम रही। बाजार खुलने के बाद नया बाजार, बर्तन बाजार में सब्जी बेचने वाले भी अपने पुरानी जगह सब्जी मंडियों में चले गए हैं जिस कारण नाला पटरी और बर्तन बाजार के सामने ठाकुर द्वारा मंदिर के पास लगने वाली सब्जी मंडी में भीड़ बढ़ गई है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा।
गांधी चौक में ई रिक्शा से लगा जाम
ई रिक्शा का संचालन शुरू होने की वजह से भी शहर में जाम की समस्या बढ़ी है। शहर के गांधी चौक में ई रिक्शा की वजह से जाम के हालात बने रहते हैं। भीड़ की वजह से लोग एक दूसरे से सटकर निकलते हैं ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं हो रहा।