शामली। करीब दो माह से लापता लेबर ठेकेदार की हत्या के आरोप में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इस केस का खुलासा किया था।
थानाभवन थानाक्षेत्र के गांव चंदेनामाल निवासी लेबर ठेकेदार अमित की अपहरण के बाद हत्या करने का पुलिस ने सोमवार को खुुलासा किया था। अमित करीब दो माह पहले 23 अक्तूबर को लापता हुआ था। 24 अक्तूबर को आदर्श मंडी थाने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पुलिस ने गोहरनी के निकट निर्माणाधीन डीएम आवास पर चौकीदार गांव गोहरनी निवासी रामपाल और उसके पौत्र रितिक को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना में शव को छिपाने में सहयोग करने के आरोपी गांव बधेव निवासी उत्तम कश्यप पकड़ में नहीं आ सका था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल बरामद करने के साथ ही गोहरनी के जंगल में गन्ने के खेत से कंकाल बरामद किया था। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को पकड़े गए दोनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्याकांड में फरार तीसरे आरोपी उत्तम कश्यप निवासी बधेव को भी मंगलवार शाम को गांव मुंडेट नहर पुल के निकट से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।