कांधला। ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांच स्वास्थ्य उपकेंद्रों के जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण के बाद ठेकेदार मलबा तो ले गया लेकिन नीलामी की राशि जमा नहीं कराई। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी शामली और थाना प्रभारी कांधला को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को चिकित्सा प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया गया कि विकास खंड क्षेत्र के भभीसा, गंगेरू, आल्दी, इस्सोपुर टील व रसूलपुर स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्रों के पुराने व निष्प्रयोजन भवनों के ध्वस्तीकरण एवं मलबा निस्तारण के लिए 19 अप्रैल 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पर नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई थी। नीलामी में ग्राम सांपला निवासी देवेंद्र कुमार ने सर्वाधिक बोली लगाते हुए 5 लाख 48 हजार 100 रुपये में ठेका अपने नाम कराया था।
आरोप है कि ठेकेदार ने नीलामी के बाद आज तक उक्त धनराशि स्वास्थ्य विभाग के सरकारी खाते में जमा नहीं कराई है। विभाग द्वारा लिखित पत्र भेजकर भी बार-बार अवगत कराया गया, बावजूद इसके कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
चिकित्सा प्रभारी का कहना है कि ठेकेदार ने सभी पांचों स्वास्थ्य उपकेंद्रों से ध्वस्त भवनों का मलबा उठा लिया है, लेकिन नीलामी की निर्धारित धनराशि अब तक जमा नहीं कराई गई है। इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए चिकित्सा अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी शामली और थाना कांधला में शिकायती पत्र देकर ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।