शामली। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध जनपद के डिग्री काॅलेजों में यूजी कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। इस बार कोर्सों में दाखिला लेने के लिए मारामारी मचने के साथ ही जनपद के लगभग 10340 छात्र-छात्राओं पर महंगी फीस की मार भी पड़ने वाली है। सस्ती फीस का फायदा केवल 2660 छात्र-छात्रा ही उठा पाएंगे।
अभी तक इंटरमीडिएट का यूपी बोर्ड और आईसीएससीई बोर्ड का परिणाम घोषित हो चुका है। सीबीएसई बोर्ड का परीक्षा परिणाम आना बाकी है। जिसके बाद डिग्री कॉलेजों में कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जनपद में दो एडेड कॉलेज और तीन राजकीय पीजी कॉलेज संचालित है। सभी डिग्री कॉलेजाें में बीए, बीएससी एजी, बीएससी पीसीएम और बीकॉम में लगभग 2860 सीटें उपलब्ध है। जबकि तीनों बोर्डों में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की संख्या लगभग 13000 है, लेकिन इनमें से सस्ती फीस का लाभ केवल 2660 छात्र-छात्राओं को ही मिल सकेगा। दोनों एडेड कॉलेजों में बीकाॅम सेल्फ फाइनेंस है। जबकि शेष 10340 छात्र-छात्राओं को या तो आसपास के जनपदों के कॉलेजों का रुख करना पड़ेगा या फिर महंगी फीस की मार झेलनी पड़ेगी। वीवी पीजी कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार व आरके पीजी के प्राचार्य डॉ. मनमोहन कृष्णा बताया कि जल्द ही पंजीकरण शुरू होने की उम्मीद है।
सस्ती फीस के लिए इन कॉलेजों में लेना होगा दाखिला
यदि जनपद के छात्र-छात्राओं को बीए में दाखिला लेते समय महंगी फीस की मार से बचने के लिए जनपद के दो राजकीय व एक एडेड कॉलेज में ही प्रवेश ले सकते है। पंजीकरण कराते समय छात्र-छात्राओं को इन कॉलेजों को प्राथमिकता देनी होगी। यदि जनपद मुख्यालय पर दाखिला लेना है तो उन्हें शामली के वीवी पीजी कॉलेज को प्राथमिकता देनी होगी। कॉलेज में बीए वर्ग की लगभग 700 सीटें है। कॉलेज में बीए की एक वर्ष की फीस लगभग 2000 रुपये है। अगर इससे भी कम फीस में बीए की पढ़ाई करनी हैं, तो उन्हें राजकीय पीजी कॉलेजों के लिए पंजीकरण कराना होगा। विजय सिंह पथिक राजकीय पीजी कॉलेज कैराना मेें बीए वर्ग की 440 सीटें उपलब्ध है। कॉलेज में बीए की फीस लगभग 1100 से 1500 के लगभग है। वहीं कस्बा कांधला में संचालित राजकीय पीजी महाविद्यालय के बीए वर्ग में कॉलेज में 400 सीटें उपलब्ध है। इस कॉलेज में बीए की लगभग 1500 रुपये फीस ली जाती है। प्राइवेट कॉलेजों की बात की जाए तो इन कॉलेजों में बीए की एक वर्ष की फीस 10 से 15000 रुपये तक है।
राजकीय कॉलेजों की फीस
बीए - 1100 से 1500
बीकॉम -2000
बीएससी - 2500 से 3000
एडेड कॉलेजों में ली जाने वाली फीस
बीए -1500 से 2000
बीकॉम - 7500
बीएससी -2000 से 2500
बीएससी कृषि - 2753 प्रति वर्ष
सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में ली जाने वाली फीस
बीए - 10000 से 15000
बीएससी - 15000 से 18000
बीकॉम -10000 से 12000
-किस कॉलेज में किस संकाय में कितनी सीटें
-वीवी पीजी कॉलेज शामली
बीए- 700 सीटें
बीकॉम सेल्फ फाइनेंस- 120 सीटें
- आरके पीजी कॉलेज शामली
बीएससी पीसीएम- 320 सीटें
बीएससी एग्रीकल्चर- 160 सीटें
बीकॉम सेल्फ फाइनेंस- 80 सीटें
-राजकीय पीजी कॉलेज कांधला
बीए- 400 सीटें
बीकॉम- 80 सीटें
बीएससी पीसीएम- 240 सीटें
-विजय सिंह पथिक राजकीय पीजी कैराना
बीए- 440 सीटें
बीएससी पीसीएम- 360 सीटें
बीकॉम- 80 सीटें
-राजकीय पीजी कॉलेज थानाभवन
बीए सेल्फ फाइनेंस- 180 सीटें
बीकॉम सेल्फ फाइनेंस- 60 सीटें
बीएससी पीसीएम सेल्फ फाइनेंस- 80 सीटें