शामली। शुक्रवार को जिलेभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। आकाश में छाए बादलों के बीच मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर मंदिरों में शंख, घंटे और घड़ियाल गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने पूरे दिन व्रत रखा। घरों में लड्डू गोपाल को सजाकर पूजा-अर्चना की गई।
शामली शहर में श्री हनुमान धाम, पानीपत रोड स्थित गुलजारी वाला मंदिर, श्री बलभद्र मंदिर, रेलवे रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर, शिव चौक, गांधी चौक स्थित कुटी वाला मंदिर, बड़ा बाजार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, माजरा रोड स्थित भाकूवाला मंदिर और पंजाबी कॉलोनी के श्री रघुनाथ मंदिर को रंगीन रोशनी से सजाया गया। देर शाम मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
श्री हनुमान धाम में भगवान जगन्नाथ, श्रीकृष्ण, बलराम और सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मुख्य यजमान के रूप में श्री हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी, महासचिव राजकुमार मित्तल, रमेशचंद धीमान आदि मौजूद रहे। पंडित विनय कुमार और पंडित मोहित कुमार ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। भगवान को पंचामृत स्नान कराकर 56 भोग लगाया गया। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव के दौरान मंदिर घंटे-घड़ियाल और जयघोष से गूंज उठा।
नौकुआं रोड स्थित दयाल मंदिर में रात 11:20 बजे भगवान का स्नान कराया गया। इसके बाद वस्त्र-आभूषण और फूलों से श्रृंगार किया गया। रात 11:40 बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती हुई। आचार्य कमल नयन शर्मा ने मुख्य यजमान के रूप में मंदिर समिति के प्रधान संजय शर्मा, प्रमोद खोटियान, विनोद पांचाल और नरेश सैनी से पूजा-अर्चना कराई। रेलवे रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में बर्फानी बाबा की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
कैड़ी में निकली भव्य शोभायात्रा
बाबरी। गांव कैड़ी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुसज्जित रथ पर राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई। झांकी का शुभारंभ राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच झांकी गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
जलालाबाद में झांकियों ने मोहा मन
जलालाबाद। कस्बे के राधा-कृष्ण बोहरान मंदिर में कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूमने लगे। पाल धर्मशाला में आकर्षक झांकियों के साथ बालिकाओं ने पट्टेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। गायक महेश गलैती ने भजनों से प्रभु का गुणगान किया। श्रीराम मंदिर में भी भव्य झांकियां सजाई गईं।
मिट्ठी कुई शिवालय में सत्यम सैनी, मोनू सैनी, अंकित सैनी और उनके साथियों ने विशेष झांकियां तैयार कीं। यहां राधा-कृष्ण के भजनों पर भक्ति नृत्य हुआ। मोहल्ला रामनगर स्थित श्री सरस्वती देवी शिव शक्ति मंदिर में महर्षि वाल्मीकि द्वारा शिक्षा, भोलेनाथ, कारागार में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म और श्रीराम दरबार सहित कई जीवंत झांकियां सजाई गईं।
कार्यक्रम में नृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने किया। आयोजन में संयोजक कृष्ण कुमार वत्स, मैना रानी, अभिनव गौड़ (वाशु), विनय प्रजापति, गौरव प्रजापति, भावना सैनी और तनु सैनी का विशेष सहयोग रहा। देर रात तक चले कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
गांव हथछोया में जन्माष्टमी पर्व पर निकाली झांकी। संवाद
गांव हथछोया में जन्माष्टमी पर्व पर निकाली झांकी। संवाद
गांव हथछोया में जन्माष्टमी पर्व पर निकाली झांकी। संवाद
गांव हथछोया में जन्माष्टमी पर्व पर निकाली झांकी। संवाद