शामली/बाबरी। जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। आरोग्य मेलों में बुखार, नजला, खांसी के मरीज ज्यादा आए। सभी केंद्रों पर 1350 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। बाबरी में चिकित्सक न होने फार्मासिस्ट ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया।
रविवार को जिले के 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में सुबह से ही मरीज पहुंचने शुरू हो गए थे। चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर दवा दी। शामली के मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. उदित भटनागर ने मरीजों की जांच की और फार्मासिस्ट मनु शर्मा ने दवा का वितरण किया। चिकित्सक ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव के कारण वायरल बुखार, नजला और खांसी के मरीज सबसे ज्यादा रहे। इसके अलावा त्वचा, पेट और जोड़ों में दर्द के मरीज आए। दोपहर दो बजे तक 45 मरीज केंद्र पर पहुंचे। मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिला चिकित्सक सादिया सदफ ने मरीजों की जांच की। दोपहर एक बजे तक 42 मरीजों की जांच की गई थी। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगभग 1350 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया।
बाबरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर एक बजे तक 42 मरीजों की जांच कर दवाई दी गई। केंद्र पर फार्मासिस्ट नेत्रपाल सिंह ने मरीजों की जांच कर दवा दी। फार्मासिस्ट नेत्रपाल सिंह ने बताया ज्यादातर मरीज नजला, जुकाम, खासी के रहे। फार्मासिस्ट ने बताया एक एक वर्ष पूर्व यहां तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह का गैर जनपद स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद यहां अभी तक किसी भी चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। इसलिए यहां पर फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय ही मरीजों का उपचार कर रहे हैं।