कांधला। थाना क्षेत्र के गांव डांगरोल से होकर गुजरने वाले माइनर में लगभग एक साल से पानी न आने के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। सिंचाई के अभाव में खेतों की फसलें प्रभावित हो रहीं हैं और किसानों को उपज का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गांव के किसानों का कहना है कि माइनर बलवा गांव से निकलकर मखमूलपुर, हुरमंजपुर, मिमला, सुन्ना होते हुए डांगरोल तक आती है। लेकिन पिछले एक साल से इसमें पानी नहीं छोड़ा गया। नतीजन माइनर में घास खड़ी हो गई है और खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच रहा।
गांव निवासी राजन जावला ने बताया कि कई बार जिलाधिकारी से शिकायत और मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। पानी की कमी से फसलों की पैदावार घट रही है।
वहीं मास्टर बलबीर सिंह का कहना है कि किसानों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से माइनर में पानी छोड़े जाने की गुहार लगाई है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अगर इसमें नियमित रूप से पानी छोड़ा जाए तो किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और उपज बेहतर होगी।
ग्रामीणों ने एक बार फिर जिलाधिकारी से इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द माइनर में पानी छोड़े जाने की मांग की है। उधर, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान का कहना है कि मामले में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।