संशोधित...मृतक पंकज मलिक का फाइल फोटो
कांधला (शामली)। यमुनानगर के रादौर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी लक्खासिंह में बाइक सवारों की गोली से मारा गया शराब कारोबारी 38 वर्षीय पंकज राणा शामली के मखमूलपुर गांव का रहने वाला है। पंकज की हत्या की सूचना से गांव में शोक व्याप्त हो गया। हालांकि, दस साल पूर्व पंकज परिवार के साथ बागपत के बड़ौत में गुराना रोड पर जाकर रहने लगा था।
पंकज के चचेरे भाई संजय ने बताया कि पंकज और उसके पिता ब्रह्मपाल करीब 10 साल पूर्व गांव से बड़ौत के गुराना रोड पर जाकर रहने लगे थे। ब्रह्मपाल कृषि विभाग में तैनात थे मगर उनकी दो साल पूर्व मौत हो गई थी। पंकज यमुनानगर में ही शराब का कारोबार करता था।
मृतक का एक बड़ा भाई और एक बहन है जो विवाहित है। शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए बड़ौत ले जाया जाएगा। जहां पर परिजनों के साथ गांव मखमूलपुर के ग्रामीण भी अंत्येष्टि में शामिल होंगे। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले काफी समय से वह गांव में नहीं आया था। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक डेढ़ साल का बेटा भी है। अब पंकज ही परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
जिम से जाते समय की गई हत्या
शामली। मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि यमुनानगर के गांव खेड़ी लक्खासिंह में बृहस्पतिवार को जिम के बाहर बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने पंकज और गोलनी गांव के वीरेंद्र राणा की हत्या की है। बताया कि गिरने के बाद भी आरोपी गोली तब तक मारते रहे, जब तक पंकज मौत नहीं हो गई। मामले को लेकर परिजन एसपी यमुनानगर से भी मिले हैं। एसपी ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।