शामली। विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में उत्साह रहा। युवाओं ने कहा कि उन्हें पहली बार लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मताधिकार का प्रयोग किया। उन्हें ऐसी सरकार चाहिए जो सुरक्षा और रोजगार दे सके। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से बातचीत की गई। पेश है रिपोर्ट...
भाई-बहन ने पहली बार डाला वोट
वीवी इंटर कालेज पर शहर के शिवाजी पार्क निवासी सावन व उसकी बहन शालू ने वोट डाला। दोनों ने बताया कि वे दोनों चंडीगढ़ से एमबीए कर रहे हैं। उन्होंने पहली बार वोट डाला। उन्हें इस बात की खुशी है कि उन्हें भी मताधिकार का प्रयोग करने मौका मिला। उन्हें ऐसी सरकार चाहिए तो सुरक्षा दे सके।
आरके इंटर कालेज शामली मतदान केंद्र पर कृष्णा नगर निवासी निखिल ने कहा कि पहली बार वोट डालकर वह बहुत खुश है। उन्हें भी लोकतांत्रिक सरकार का गठन करने में भागेदारी का मौका मिला। प्राथमिक विद्यालय नंबर 13 पर पहली बार मतदान करने वाली रेलपार निवासी श्वेता तोमर ने कहा कि उन्हें अपनी पसंद के प्रत्याशी को चुनने का मौका मिला है। लोकतंत्र में मताधिकार का प्रयोग किया। इसकी उसे खुशी है। इसी केंद्र पर रेलपार निवासी अतुल कश्यप ने कहा कि उसने पहली बार वोट दिया। उसका कहना है कि ऐसी सरकार होनी चाहिए जो सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार पर ज्यादा ध्यान दे। रेलवे कालोनी निवासी शिवम तोमर ने कहा कि सुरक्षा का माहौल देने वाली सरकार बननी चाहिए। यह सोच समझकर उसने पहली बार वोट दिया।
हिंदू कन्या इंटर कालेज मतदान केंद्र पर सीएचसी कालोनी निवासी इरम जहां ने कहा कि पहली बार वोट डालकर बहुत अच्छा लगा है। सरकार के गठन में उसकी भी भागेदारी हुई। इसी केंद्र पर हनुमान रोड निवासी एकता ने कहा कि उसने खुशी के साथ पहली बार वोट किया है। प्रदेश में ऐसी सरकार की जरूरत है जो सुरक्षा का माहौल दे।