झिंझाना (शामली)। क्षेत्र के एक गांव में ब्यूटी पार्लर से आ रही दुल्हन का पीछा करते हुए युवक गाड़ी लेकर शादी समारोह में घुस गया। इस दौरान टक्कर से दुल्हन की चाची घायल हो गई, जबकि कई बरातियों समेत अन्य लोगों को भी चोट आई। घटना के बाद हंगामा हो गया और बरात नाराज होकर जाने लगी। घंटों की जद्दोजहद और आरोपी को हिरासत में लेने के बाद ही सभी रस्में पूरी हुईं। आरोपी की गाड़ी भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
एक गांव निवासी युवती की शनिवार को शादी थी। बराती व मेहमान खाना खा रहे थे। इसी दौरान दुल्हन ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर वहां पहुंची। तभी एक युवक गाड़ी लेकर शादी समारोह में घुस गया। इस घटना में दुल्हन की चाची घायल हो गई, जबकि कई बरातियों को भी चोट आई। इस घटना से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि वह ब्यूटी पार्लर से ही दुल्हन का पीछा कर रहा था। घटना से नाराज होकर बारात वापस जाने लगी, मगर दुल्हन पक्ष के लोगों ने किसी तरह समझाकर बरात को रोका और घटना की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस ने युवक को झिंझाना में पकड़ लिया। तब शादी में आगे की रस्में पूरी हुई और दुल्हन देर रात विदा हुई।
रविवार दोपहर दुल्हन के पिता ने अपने कुछ साथियों के साथ थाने पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी। जिसमें दीपक के अलावा उसके पिता राजेंद्र और भाई अंकुश पर भी आरोप लगाए हैं। युवती के परिजनों ने बताया कि आरोपी दीपक का पिता राजेंद्र होमगार्ड है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आपस में शराब पीने के बाद गाली-गलौज का मामला सामने आया है। जिसमें आरोपी दीपक के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है ।