शामली। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों में एक दीवार पर ख्याति प्राप्त महिलाओं के चित्र और उनके संघर्ष की कहानियां नजर आएंगी। विद्यालय अपनी सुविधानुसार दीवार पर पेंट कराकर या फ्लैक्स भी लगवा सकते हैं। विद्यालयों में यह कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित विद्यालयों में मिशन शक्ति चरण-चार के तहत बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत अब शासन ने विद्यालयों की एक दीवार को ख्याति प्राप्त महिलाओं के नाम समर्पित करने के निर्देश दिए हैं। इस दीवार पर ख्याति प्राप्त महिलाओं के संघर्ष की कहानियां और उनके चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह है कि विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष कर ख्याति प्राप्त करने महिलाओं के बारे में बालिकाओं को जानकारी हो और वे उनसे प्रेरित होकर खुद भी सशक्त बनकर हर विषम परिस्थितियों का मुकाबला करने के लिए तैयार हो सके।
शासन ने विद्यालयों की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त 19 महिलाओं की सूची भी जारी करते हुए उनका विवरण और चित्र उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा शासन ने विद्यालयों को यह भी कहा है कि वे अपने जिले, ब्लाक, मंडल के स्थानीय ख्याति प्राप्त महिलाओं के नाम भी जोड़ सकते हैं और महिलाओं के नाम की जो सूची उपलब्ध कराई गई है, उनमें सुविधानुसार महिलाओं के नाम कम या ज्यादा किए जा सकते हैं। कुल मिलाकर चित्र बड़े व स्पष्ट हों और बच्चों की पहुंच में हों, जिससे वे ठीक से देेखकर व पढ़कर समझ सके।
इन महिलाओं के लगेंगे चित्र
ख्याति प्राप्त महिला - क्षेत्र
रानी लक्ष्मीबाई - स्वतंत्रता सेनानी।
चांद बीबी - भारतीय मुस्लिम महिला योद्धा।
सावित्रीबाई ज्योतिराव - भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, समाज सुधारिका मराठी कवयित्री।
सरोजिनी नायडू - कवयित्री, राजनीति।
सुचेता कृपलानी - राजनीति, स्वतंत्रता सेनानी।
सुभद्रा कुमारी चौहान - कवयित्री व लेखिका।
मदर टेरेसा -समाजसेवा।
लता मंगेशकर - पार्श्व गायन।
पीटी ऊषा - धावक।
अमृता प्रीतम - उपन्यासकार, कवि, निबंधकार।
महादेवी वर्मा - उपन्यासकार, कवयित्री,लघुकथा लेखिका।
अवनि लेेखरा - पैरा एयर राइफल शूटर।
साइना नेहवाल - बैडमिंटन।
कल्पना चावला - भारतीय अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और अंतरिक्ष शटल मिशन विशेषज्ञ।
बेगम अख्तर - गजल गायन।
अरुणिमा सिन्हा - पर्वतारोहण, पूर्व वॉलीबाल खिलाड़ी।
शकुंतला देवी- गणितज्ञ।
मैरी कॉम - मुक्केबाजी।
सालूमरदा थिमक्का- पर्यावरणविद।
कोट...
शासन ने विद्यालयों की एक दीवार ख्याति प्राप्त महिलाओं को समर्पित करने का निर्देश दिया है। इस दीवार पर पेंट कराकर या फ्लैक्स से ख्याति प्राप्त महिलाओं के संघर्ष की कहानियां और चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। सभी विद्यालयों में यह कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। - राजीव कुमार, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा।