कांधला। कस्बा कांधला स्थित आनंद सिनेप्लेक्स में रविवार को फिल्म पद्मावत लगाई गई। सिनेमाहाल पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और पीएसी तैनात रही। हालांकि फिल्म को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों की वजह से दर्शकों की कमी बनी रही।
निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत की रिलीज से पहले ही विवाद खड़ा हो गया था। करणी सेना सहित विभिन्न संगठनों ने फिल्म का कड़ा विरोध किया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 25 जनवरी को फिल्म रिलीज हो पाई थी। वहीं, रविवार को कस्बा कांधला के आनंद सिनेप्लेक्स में फिल्म पद्मावत दिखाई गई।
इस दौरान सिनेमाघर में दर्शकों की चेकिंग करने के बाद अंदर भेजा गया। सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी चौधरी पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ मौजूद रहे। आनंद सिनेप्लेक्स के मैनेजर सुमित शर्मा ने बताया कि रविवार को पहले शो में मात्र 60 दर्शक जबकि दूसरे शो में 103 दर्शक फिल्म देखने के लिए पहुंचे।
फिल्म पद्मावत में दर्शकों का टोटा
कैराना। बहुचर्चित फिल्म पद्मावत का रिलीज होने के तीन दिन बाद कैराना के नीरज पैलेस में प्रसारण शुरू किया गया। फिल्म देखने के लिए पहले दिन के दर्शकों की कमी रही। पहले दिन पहले शो में मात्र 35 दर्शक पहुंचे, जबकि दूसरे शो में 65 दर्शकों ने फिल्म का लुत्फ उठाया। इस दौरान कोतवाली कैराना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील दत्त के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी के जवान सिनेमाघर पर तैनात रहे। ताकि किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन न होने पाए। सिनेमाहाल के रोशन हुसैन ने बताया कि पद्मावत के तीन सप्ताह के प्रसारण के लिए तीन लाख रुपये का भुगतान किया गया है। फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए प्रशासन से अनुमति भी ली गई है। वहीं, फिल्म देखने के बाद शाकिर और नदीम ने बताया कि फिल्म काफी अच्छी है।
विरोध जैसा कुछ नजर नहीं आया
अरशद ने बताया कि फिल्म परिवार के साथ देखने लायक है। इस फिल्म के जरिये इतिहास के बारे में अच्छी जानकारी मिलती है। वहीं, देवेंद्र ने बताया कि फिल्म को लेकर कुछ लोग बिना वजह ही विवाद कर रहे हैं, जबकि फिल्म में विवादित कुछ भी नहीं है। रवि ने बताया कि फिल्म परिवार के साथ देखने वाली है।
अक्सर आजकल की फिल्मों को परिवार के साथ देखने की हिम्मत नहीं हो पाती है। विरोध जैसा फिल्म में कुछ नजर नहीं आया। अहसान और अनवर कुरैशी ने बताया कि एक किरदार को लेकर कुछ लोगों ने बखेड़ा खड़ा करने की कोशिश की है जो कि गलत है। फिल्म को देखने से इतिहास के बारे में बातें सामने आई हैं। हमारे हिसाब से सभी लोगों को फिल्म देखनी चाहिए।