शामली। विधान सभा चुनाव के व्यय प्रेक्षक शंभू यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक धन के प्रभाव पर नियंत्रण करने के लिए राजनैतिक पार्टियों के प्रत्याशियों के चुनाव खर्च, प्रचार एवं चुनावी सभाओं की वीडियोग्राफी कर प्रतिदिन अनुमानित चुनाव खर्च की रिपोर्ट व्यय समिति एवं जिला निर्वाचन अधिकारी व व्यय प्रेक्षक को देनी होगी।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में विधानसभा चुनाव व्यय प्रेक्षक शंभू यादव ने मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, लेखा टीम आदि की संयुक्त बैठक ली। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी द्वारा किए गए दैनिक निर्वाचन व्यय के अनुवीक्षण के लिए प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचन व्यय के लेखों कर रख रखाव अनिवार्य होगा। प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में जनसभा जुलूस और रैलियों की रिकार्डिंग के लिए वीडियो निगरानी टीम वीडियोग्राफी करेगी। जिससे चुनाव खर्च का अनुमान लगाया जा सके।
व्यय प्रेक्षक ने उड़न दस्ते, स्थैतिक निगरानी टीम को चुनाव आयोग के निर्देशों से अवगत कराया। प्रत्येक विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में अवैध नगदी का आदान प्रदान या शराब का वितरण या अन्य कोई संदेहास्पद वस्तुएं जो मतदाता को घूस देने के लिए प्रयोग में लाई जा रही हों। उसका पता लगाकर जब्ती की कार्रवाई कर उसकी वीडियोग्राफी भी करें। उन्होंने शस्त्र, गोला, बारूद, नगदी, अवैध शराब आदि की आवाजाही पर निगरानी रखने और उन्हें जब्ती की कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में व्यय प्रेक्षक ने कहा कि जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणीकरण और अनुवीक्षण समिति को मीडिया, विज्ञापन आदि के प्रकाशन की सूचना मिलती है तो वे व्यय प्रेक्षक को रिपोर्ट देंगे जो प्रत्याशी के चुनाव खर्च में शामिल होंगे। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी एसके गौतम, उप जिलाधिकारी शामली एमपी सिंह, उप जिलाधिकारी कैराना भानुप्रताप यादव, उप जिलाधिकारी ऊन विजय प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।