Shamli News : शामली में इस बड़ी समस्या को लेकर व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर धरना दिया। इस दौरान व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
शामली में छह दिन से लगभग ठप पड़ी चीनी मिल के चलते शहर में लगे जाम से आक्रोशित व्यापारी दुकानें बंद कर धरने पर बैठ गए हैं। हनुमान धाम पर व्यापारियों ने मिल प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के बाहर गन्ने के वाहन खड़े रहने से उनका व्यापार ठप हो गया है। सामुदायिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, दुकानें नहीं खुलेंगी।
वहीं हंगामे की सूचना पर एसडीएम विशु राजा मिल अधिकारियों के साथ पहुंचे तो व्यापारियों ने उन्हें अपनी दुकानों की चाबी सौंपने की पेशकश की। एसडीएम ने व्यापारियों को 24 घंटे में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर शांत किया। जिसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।