शामली। बलवा से लेकर डागरोल गांव तक 11.500 किलोमीटर लंबाई की रजबहा की पटरी इसी साल बन कर तैयार हो जाएगी। रजबहे की पटरी बन जाने के बाद 12 गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे के बलवा गांव के पास से लेकर कैराना-कांधला बुढ़ाना-खतौली राजमार्ग को जोड़ने वाले 11.500 किमी लंबाई के रजबाहे की पटरी बलवा से लेकर डांगरौल गांव तक 12 गांवों को जोड़ती है। यह रजबहे की पटरी मिनी बाईपास के रूप में काम करती है। खस्ताहाल रजबहे की पटरी होने से किसान दिवस और संपूर्ण समाधान दिवस में निर्माण नहीं होने का मुद्दा रालोद कार्यकर्ता राजन जावला ने उठाया था।
11.500 किमी लंबाई की नहर की पटरी में से लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के हिस्से में नाै किमी की पटरी है। मीमला गांव से लेकर मखमूलपुर गांव की सीमा तक तीन किमी लंबाई का 32 लाख रुपये की धनराशि से लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड नाै किमी नहर की पटरी में तीन किमी लंबाई का निर्माण अगले दस दिन पूरा कर लेगा।
पूर्वी यमुना नहर खंड के अधिशासी अभियंता विवेक ने बताया कि ढाई किमी लंबाई की रजबहे की पटरी का बजट अक्तूबर तक प्राप्त हो जाएगा। इस साल दिसबर तक पूर्वी यमुना नहर खंड रजबहे की पटरी का निर्माण पूरा किया जाएगा।