शामली के मोहल्ला बडीऑल में की गई बैरिकेडिंग।
- फोटो : SHAMLI
चार कोरोना संक्रमितों को दूसरी रिपोर्ट भी नेगेटिव
शामली। जिले के चार कोरोना पॉजिटिव ठीक हो गए हैं। उनकी दूसरी रिपोर्ट भी नेगेटिव आ गई है। मेरठ मेडिकल से आई 75 सैंपलों की सभी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या घटकर सात रह गई हैं। इसके अलावा शहर के बडीऑल मोहल्ला भी जल्द ही हॉटस्पॉट से मुक्त हो जाएगा।
शनिवार को डीएम जसजीत कौर ने बताया कि मेरठ मेडिकल से शुक्रवार रात को 75 लोगों के सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई। सभी रिपोर्ट नेगेटिव मिली हैं। इनमें चार कोरोना संक्रमित के दूसरी बार लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। इनमें तीन लोग मोहल्ला पंसारियान के हैं, जबकि एक व्यक्ति मोहल्ला सलेक विहार का निवासी है। इन चारों के सैंपल की जांच रिपोर्ट 18 मई को कोरोना पॉजिटिव आई थी। इनका कोविड अस्पताल में उपचार चल रहा था। उपचार के बाद वह ठीक हो गए हैं। इन चारों लोगों को अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया जाएगा। इन चारों लोगों को एहतियात के तौर पर 14 दिन होम क्वारंटीन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। विदित हो कि शुक्रवार शाम को आई जांच रिपोर्ट में भी पंसारियान निवासी कोरोना संक्रमित व्यक्ति की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इस तरह से दो दिन में पांच कोरोना पॉजिटिव के केस ठीक हुए हैं। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या घटकर सात रह गई है। उधर, 11 मई को सील हुए बडीऑल मोहल्ले को भी दो तीन दिन में हॉटस्पॉट से मुक्ति मिल सकती है। दरअसल, यहां एक कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद इसे सील किया गया था। इसके बाद क्वारंटीन किए गए क्लोज कांटेक्ट परिवार के सदस्य को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। चूंकि वह भी 11 मई से ही क्वारंटीन थी। इसलिए 21 दिन पूरे होने के बाद संभवत : एक या दो जून तक बडीऑल को हॉटस्पॉट से मुक्ति मिल सकती है।
शामली के बडीऑल मोहल्ला हॉटस्पॉट क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI