कोतवाली प्रभारी का घेराव कर हंगामा करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala
शामली। शिव चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बुधवार को भाकियू नेता के भतीजे की बाइक का चालान काट दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे बदसलूकी भी की। इसे लेकर बृहस्पतिवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन के शामली तहसील अध्यक्ष हाजी इकराम, विनोद निर्वाल, ईश्वर फौजी, ओमपाल प्रजापति, महक सिंह आदि शामली कोतवाली पहुंचे। विनोद निर्वाल ने बताया कि उनका भतीजा आयुष बुधवार की शाम बाइक से सामान खरीदने बाजार जा रहा था। इसी दौरान शिव चौक पर चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने आयुष के साथ अभद्र व्यवहार किया। उसने परिजनों से फोन पर वार्ता करने के लिए कहा तो उसे जेल भेजने की धमकी दी गई। विनोद ने बताया कि सूचना पर वह भी मौके पर पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी धमकाते हुए कहा कि नेतागिरी मत दिखाओ जेल भेज देंगे। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कोतवाली प्रभारी सतीश राय ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद वह लौट गए।
बगैर अनुमति निर्माण न करें: डीआईओएस
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और प्रबंधक को पत्र भेजकर कहा है कि कॉलेज के बाहरी छोर पर चल रहा दुकानों बगैर अनुमति नहीं होना चाहिए। पूर्व में संयुक्त शिक्षा निदेशक ने भी दुकानों का निर्माण विभागीय अनुमति लेकर करने का निर्देश दिया था। इसके बाद कॉलेज प्रबंधक और प्रधानाचार्य को निर्देश दिया गया था कि दुकानों का आवंटन विद्यालय हित में अधिकतम बोली सार्वजनिक तौर पर प्रचार प्रसार कराकर किया जाएं। दुकानों से प्राप्त आय विद्यालय के संयुक्त खाते में जमा कराकर आय व्यय के लिए कैशबुक तैयार की जाएं। विद्यालय की जमीन पर दुकानों का निर्माण प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र से ही कराया जाएं। इन सभी अभिलेखों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पेश कर अनुमति ली जानी थी, लेकिन अनुमति नहीं ली गई।