गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में बीते दिवस हुई तेज बारिश के चलते तालाब ओवरफ्लो हो गया, जिससे तालाब किनारे बनी बस्ती के दर्जनों मकानों में गंदा पानी घुस गया। जलभराव के कारण घरों में रखा घरेलू सामान, खाद्य सामग्री और पीने का पानी भी दूषित हो गया है।
पीड़ित ग्रामीणों में चरण सिंह, केशुराम, रामचरण, जीवन, कैलाशराम सहित कई लोगों ने बताया कि उनके घरों में पानी घुसने से जीवन दूभर हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोग अपने ही घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैंं।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि तालाब से जहरीले सांप भी निकलकर घरों में घुस रहे हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। बच्चे और बुजुर्ग खास तौर पर भयभीत हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा तालाब का सुंदरीकरण नहीं कराया गया, जबकि कई बार इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों से तत्काल राहत व स्थायी समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे।