बारिश होते ही कबाड़ी बाजार बन जाता है तालाब
शामली। नगरपालिका नालों की सफाई पर हर साल लाखों रुपये खर्च करती है, इसके बाद भी लोगों को जलभराव की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। बारिश होते ही शहर में कई मोहल्ले और बाजारों में पानी भर जाता है। नाले और नालियां पूरी तरह से साफ न होने के कारण ओवर फ्लो हो जाते हैं, जिससे हर तरफ पानी ही पानी नजर आता है। ऐसी ही हालत बरसात में कबाड़ी बाजार की बन जाती है। हल्की बारिश में भी कबाड़ी बाजार तालाब बन जाता है। तेज बारिश हो जाए तो कई फीट तक पानी भर जाता है, जिससे यहां के दुकानदार और व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होता है। जलभराव की समस्या को लेकर कबाड़ी बाजार के लोगों से बातचीत की गई। पेश है रिपोर्ट...
अतिक्रमण की वजह से नहीं हो पाती सफाई
कबाड़ी बाजार में कुछ स्थानों पर नालों पर अतिक्रमण की वजह से सफाई ठीक तरह से नहीं हो पाती। सफाई न होने की वजह से बारिश होते ही बाजार में पानी भर जाता है। बारिश थमने के बाद काफी देर तक पानी निकलता है। बरसात के सीजन में अक्सर यह समस्या बनी रहती है। इससे कारोबार भी प्रभावित होता है।
-विजय कुमार, बर्तन व्यापारी।
नालियों का पानी भर जाता है सड़कों पर
सड़क के लेवल से बाजार का लेवल कम होने की वजह से हल्की बारिश में भी यहां पानी भरता है। नाले व नालियों की सफाई ठीक से नहीं होती, जिस कारण पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर ही भरता है। बरसात के सीजन में अक्सर यहां पानी भरता है, बारिश थमने के बाद भी पानी उतरने में काफी समय लगता है, जिससे ग्राहक नहीं आ पाते और दुकानदारी प्रभावित होती है।
उस्मान, गैस चूल्हा विक्रेता।
कई साल से है जलभराव की समस्या
जलभराव की समस्या तो कई साल से बनी है। हर साल बरसात में यहां जलभराव होता है। नालों में पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर ही बहता है। लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। तेज बारिश में तो यहां बाजार तालाब नजर आने लगता है। कई फीट तक पानी भर जाता है। इस समस्या का आज तक स्थाई समाधान नहीं हुआ।
-अमित जैन, जनरल स्टोर व्यापारी।
बाजार में मोहल्लों का भी आता है पानी
कबाड़ी बाजार में पीछे के मोहल्लों का पानी भी आता है। उस हिसाब से नालों की चौड़ाई कम है। सफाई भी ढंग से नहीं होती। इस वजह से यहां पर बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या बन जाती है। जलभराव होने से ग्राहक न आने के कारण सामान की बिक्री पर भी प्रभाव पड़ता है।
- प्रवीण गोत्रा, पान विक्रेता।
दुकान में भर जाता है पानी
बरसात के दिनों में तो यहां पानी भरने की समस्या बनी रहती है। लगातार तेज बारिश हो जाए तो दुकानों तक में पानी घुस जाता है। बाजार तालाब नजर आने लगता है। पानी भरने से कई बार माल भी खराब होने से नुकसान होता है। यह समस्या पुरानी है, लेकिन स्थाई समाधान आज तक नहीं हुआ।
- राजेंद्र कुमार, कपड़ा व्यापारी।
वर्जन
शहर के मुख्य नाले से लेकर इससे जुड़ने वाले सभी लिंक नालों की सफाई का काम तेजी से चल रहा है। बरसात से पूर्व सभी नालों की सफाई का काम पूरा हो जाएगा। कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने से पानी भर जाता है, लेकिन बारिश थमने के बाद निकल जाता है। कहीं पर लगातार जलभराव जैसी समस्या नहीं है।
-सुरेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका शामली।