शामली। किशोरी से छेड़छाड़ कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिए व्यक्ति को जांच में दोषी न मिलने पर छोड़ दिया।
शहर के एक मोहल्ला निवासी करीब 14 वर्षीय किशोरी के साथ रास्ते में आते जाते एक व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ व धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया था। किशोरी के परिजनों ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। एंटी रोमियो टीम ने परिजनों की मदद से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। किशोरी ने भी उस व्यक्ति की पहचान करते हुए छेड़छाड़ करना बताया था।
सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जहां पर छेड़खानी करने की घटना होना बताया गया, वहां के आसपास की सीसीटीवी फुटेज देखी गई, जिसमें कोई साक्ष्य हाथ नहीं आया। इसके अलावा कई बिंदुओं पर जांच और हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ भी की गई। जांच में दोषी न मिलने पर हिरासत में लिए गए व्यक्ति को बुधवार रात में छोड़ दिया था। सीओ ने बताया कि इस प्रकरण में किशोरी के पिता की तरफ से शहर कोतवाली में दूसरी तहरीर अज्ञात में दी गई है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।