शामली। नववर्ष के पहले दिन हर कोई प्रफुल्लित दिखा। मंदिरों में मत्था टेकने के लिए सुबह से ही लाइन लगनी शुरू हो गई। दोपहर बाद पार्कों में भीड़ उमड़ी और लोग केक काटकर एक दूसरे को नए साल के आगमन की बधाई देते नजर आए। सेल्फी लेने के लिए खासकर युवा ज्यादा उत्साहित दिखे। कई स्थानों पर हवन कर सुख-शांति की प्रार्थना की। रात में युवाओं ने शहर के फव्वारा चौक, दिल्ली रोड पर आतिशबाजी की।
नए साल के आगमन का जश्न तो बुधवार रात से ही शुरू हो गया। होटलों में डांस पार्टियों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। कई होटलों में लोग सपरिवार पहुंचे और रात 12 बजते ही नववर्ष मनाया।
बृहस्पतिवार को शामली केमिस्ट एसोसिएशन के द्वारा कार्यालय पर हवन पूजन किया। मुख्य यजमान देवराज मलिक रहे। पदाधिकारियों ने हवन में आहुति देकर सुख-शांति की प्रार्थना करते हुए एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। हवन में महामंत्री सोमेश मित्तल, उपाध्यक्ष मुकेश, कोषाध्यक्ष मनीष गर्ग, आनंद संगल, संजीव मलिक, संत कुमार, संदीप, प्रदीप, केपी पंवार रहे।
अग्रसेन पार्क के पास टैक्सी स्टैंड पर हवन हुआ। यजमान स्टैंड प्रधान सतेंद्र उपाध्याय रहे। इस दौरान विकास कश्यप, बिजेंद्र, राममेहर, उपेंद्र, सुनील, मुकुट मोहन, प्रदीप वर्मा, अरूण, उमाशंकर रहे। शहर के मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम, गुलजारी वाला मंदिर, भाकूवाला मंदिर, सतीवाला मंदिर स्थित खाटू श्याम मंदिर, सदाशिव मंदिर रेलपार, शिवमूर्ति सुभाष चौंक सहित विभिन्न मंदिरों में लोगों की भीड़ रही। घरों में भी पूजा अर्चना के साथ कथा का आयोजन भी कराया गया।
लायंस क्लब शामली सिनर्जी द्वारा नगर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास, अस्पताल परिसर एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर ठंड से जूझ रहे लोगों को 51 टोपी वितरित कीं। चौसाना में थानाभवन बस स्टैंड के पास दुकानदारों ने मिलकर प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान राहगीरों और लोगों ने कढ़ी-चावल व हलवे का प्रसाद ग्रहण किया। दुकानदार शुभम सैनी, संजय सैनी, लोकेश प्रजापत, विचित्र सैनी, कहर सिंह सैनी, सत्यम सैनी, शीशपाल सैनी, महक सिंह सैनी, गुरप्रीत कपूर रहे।
सोशल मीडिया पर देते रहे बधाई संदेश
लोग व्हाट्सएप, यू-टयूब व फेसबुक समेत अन्य सोशल प्लेटफॉर्म पर एक दूसरे को बधाई संदेश पोस्ट करने के साथ दिनभर वीडियो डालते रहे। लोगों ने दूर-दराज रहने वाले रिश्तेदारों को भी नए साल की शुभकामनाएं सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर कीं।
शामली में अग्रसैन पार्क पर नव वर्ष पर पूजन करते टैक्सी चालक । संवाद
शामली में अग्रसैन पार्क पर नव वर्ष पर पूजन करते टैक्सी चालक । संवाद