घरों में ही पढ़ी जाएगी जुमे की नमाज
शामली। लॉकडाउन के चलते जुमे की नमाज ईदगाह और मस्जिदों में नहीं पढ़ी जाएगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने दिन भर मुस्लिम धर्म गुरुओं से संपर्क किया। चेतावनी दी कि कोई सड़कों पर मिला तो लॉकडाउन का उल्लंघन मानकर कार्रवाई होगी।
जिले में लॉकडाउन के बाद पहले शुक्रवार को जुमे की नमाज ईदगाह और मस्जिदों के स्थान पर घरों में ही पढ़ी जाएगी। कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से रोकने के लिए जिले को लॉकडाउन किया गया है, जिसके चलते लोगों को घरों में रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। शासन ने भी जुमे की नमाज मस्जिद या ईदगाह में इकट्ठे होकर एक साथ न पढ़ने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि भीड़ से किसी तरह का संक्रमण न फैल सके। बृहस्पतिवार को पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने जिले के मुस्लिम धर्म गुरुओं से संपर्क किया।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि मुस्लिम धर्म गुरुओं से संपर्क किया गया है। मुस्लिम धर्म गुरुओं ने आश्वासन दिया है कि जुमे की नमाज घर पर ही रहकर पढ़ी जाएगी। एसपी ने बताया कि अगर इसके बाद भी कहीं पर भीड़ इकट्ठी कर नमाज पढ़ी जाती है तो उसे लॉकडाउन का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।