पालिका ने 3.41 करोड़ के विकास कार्यों का प्रस्ताव जिला समिति को भेजा
शामली। नगरपालिका परिषद ने 15वें वित्त आयोग से मिली बजट धनराशि से 3.41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए जिलास्तरीय समिति के पास भेजे हैं। इन विकास कार्यों में शहर में नाली, सड़क खड़ंजा आदि के करीब 42 कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं।
बुधवार को वित्तीय वर्ष 2020-21 का आखिरी दिन रहा। इस वित्तीय वर्ष में नगरपालिका को अनटाइड ग्रांट में 29 मई को 2.88 करोड़ और 14 मार्च को इतनी ही धनराशि की दूसरी ग्रांट मिली हैं। इसके अलावा टाइड ग्रांट के रूप में 20 नवंबर को 2.88 करोड़ रुपये का बजट मिला है। इस बजट का पालिका वित्तीय वर्ष 2020-21 में इस्तेमाल नहीं कर पाई। बुधवार को वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन पालिका ने अनटाइड ग्रांट में मिले बजट से तीन करोड़ 41 लाख 58 हजार रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए। इन विकास कार्यों में शहर में नाली, सड़क, खड़ंजे के अलावा कुष्ठ आश्रम की क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण, शौचालय ओर बाथरूम का निर्माण समेत करीब 42 कार्यों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। प्रस्तावित विकास कार्यों को अनुमोदन के लिए जिला स्तरीय समिति को भेजा गया है। पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर जिला स्तरीय समिति को अनुमोदन के लिए भेजे गए हैं। अनुमोदन मिलने पर टेंडर निकाले जाएंगे। इसके बाद विकास कार्य शुरू होंगे।
कूड़ा निस्तारण प्लांट की दीवार का होगा निर्माण
शामली। कूड़ा निस्तारण प्लांट की दीवार का निर्माण और उच्चीकरण के कार्य के लिए करीब 10 लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पांच कार्यों के टेंडर हुए स्वीकृत
शामली। पालिका के निर्माण विभाग के लिपिक अनिल कुमार ने बताया कि 14वें वित्त आयोग के बजट से करीब दो करोड़ रुपये लागत के 13 कार्यों के टेंडर निकाले गए थे। मानक पूरे न होने पर टेंडर निरस्त हो गए थे। तीसरी बार में करीब 80 लाख रुपये के पांच कार्यों के टेंडर मानक पूरे होने पर स्वीकृत हो पाए हैं। बाकी कार्यों के लिए फिर से टेंडर निकाले जाएंगे।