शामली। शहर के करनाल रोड स्थित विकास नगर में एक सप्ताह पहले अधिवक्ता के घर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले बदमाशों की पहचान होने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस का कहना है कि टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
पांच नवंबर की दोपहर को शहर कोतवाली क्षेत्र में विकास नगर में भारतीय स्टेट बैंक कृषि शाखा के पीछे स्थित अधिवक्ता राजकुमार सिंह चौहान के घर का ताला तोड़कर बदमाशों ने दो लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। अधिवक्ता की तरफ से शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इस मामले में पुलिस ने कालोनी के अलावा शहर में सड़कों पर विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बाइक पर सवार दो बदमाशों को जाते हुए नजर आए। शहर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोरी करने वाले बदमाशों की पहचान हो गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।