कांधला (शामली)। थानाक्षेत्र के गांव गढ़ी रामकौर निवासी किसान को चार बदमाशों ने बंधक बनाकर लाखों रुपये का धान लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित किसान ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाक्षेत्र के गांव गढ़ी रामकौर निवासी किसान जितेंद्र सिंह के खेत गांव सेेेे कुछ दूर रजबहे के निकट है। किसान ने खेत पर खड़ी धान की फसल को काटकर मंडी में ले जाने के लिए खेत पर ही रखी थी। फसल की रखवाली करने के लिए किसान खेत पर ही सोया था। बृहस्पतिवार देर रात को खेत पर चार हथियारबंद बदमाश पहुंचे। किसान को हथियारों के बल पर किसान के हाथ पैर चादर से बांधकर पास ही ईंख के खेत में डाल दिया। आरोप है कि चारों बदमाशों ने धान की फसल को गाड़ी में भर लिया और मौके से फरार हो गए।
बदमाशों के चले जाने के बाद किसान ने किसी तरह से बंधन मुक्त होकर मामले की सूचना ग्रामीणों को देने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित का कहना कि बदमाश लगभग डेढ़ लाख रुपये की धान की फसल लूटकर ले गए है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पीड़ित किसान की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।