शामली। प्रदेश के हर जनपद में तीन मंजिला मीडिया सेंटर की स्थापना होगी। मीडिया सेंटर में जिला सूचना कार्यालय, प्रेस क्लब शासन और प्रशासन के अधिकारियों और गणमान्य लोगों के बैठने के लिए मीटिंग हाल होगा। सूचना - जनसंपर्क विभाग के निदेशक ने राजकीय निर्माण निगम से मीडिया सेंटर के लिए भूमि, नक्शा और ऐस्टीमेट बनवाकर मांगा है।
प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक और आईएएस आशुतोष निरंजन ने शामली समेत प्रदेश के सभी डीएम को पत्र भेजकर बताया प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के सभी जिलों में एक ही परिसर में तीन मंजिला भवन में जिला सूचना कार्यालय जनसामान्य एवं मीडिया के लोगों के लिए जिला
सूचना केंद्र, प्रेस क्लब शासन और प्रशासन के प्रतिनिधियों और अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों की सुविधा के लिए प्रेस मीडिया सेंटर की स्थापना की जानी है। गत 31 अक्तूबर को प्रदेश के प्रमुख सचिव सूचना और राजकीय निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक और प्रदेश के सभी जिलों के डीएम को भेज पत्र में मीडिया सेंटर भवन के लिए भूमि, डिजाइन और ऐस्टीमेट भी मंागा है।
सूचना जनसंपर्क विभाग के निदेशक का 31 अक्तूबर का पत्र जिला मुख्यालय पर पहुंच गया। जिला सूचना अधिकारी गजे सिंह ने बताया जिला मुख्यालय पर मीडिया सेंटर के लिए 1500 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध है। डीएम ओपी वर्मा से मिलकर मीडिया सेंटर के डिजाइन के लिए बजट का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। डीएम ने बताया सूचना निदेशक के पत्र पर शीघ्र भूमि आवंटन और डिजाइन बनाने की कार्रवाई कराई जाएगी।