बाजारों में बढ़ी रौनक, खूब हो रहा कारोबार
शामली। कोरोना काल, श्राद्ध पक्ष और पुरुषोत्तम मास के बाद बाजार में रौनक बढ़ गई है। नवरात्र से पहले ही कारोबार लगभग दोगुनी रफ्तार पकड़ चुका है। नवरात्रों में ही करीब 100 करोड़ के कारोबार का अनुमान है, जबकि आगामी दशहरा और दिवाली जैसे त्योहार पर कारोबार खूब बढ़ेगा। आने वाले दिनों में सरकारी कर्मचारियों को भी बोनस के रूप में धनराशि दी जाएगी, जिससे बाजार में और ज्यादा उछाल आएगा।
पिछले साल इन दिनों लगभग 50 करोड़ रुपये प्रतिदिन का कारोबार चल रहा था। इस बार लॉकडाउन के बाद से बाजार की हालत बिगड़ गई थी। छह माह से बाजार ठंडा पड़ा था। श्राद्ध पक्ष के बाद पुरुषोत्तम मास में खरीदारी नाम मात्र ही हो रही थी, लेकिन पुरुषोत्तम समाप्त होने के बाद बाजार में उछाल आ गया है। पिछले कुछ दिनों के मुकाबले बृहस्पतिवार को दोगुना कारोबार हुआ है। नवरात्र के दौरान आटोमोबाइल, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि में लगभग 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है।
15 दिन से सुधर रही कपड़ा बाजार की सेहत
शामली। शहर के हनुमान रोड स्थित कपड़ा व्यापारी नफीस अहमद का कहना हैैै कि कोरोना काल के बाद पिछले 15 दिनों मेेें बाजार में कपड़ा खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। उनका कहना हैैैै कि कपड़े का व्यवसाय लगभग दोगुना हुआ है। शहर कोतवाली और अस्पताल रोड स्थित कपड़ा व्यापारी सतीशचंद जैन का कहना हैै कि बाजार में कपड़ा खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से अच्छा कारोबार हो रहा है। नवरात्रों में पिछले साल के बराबर ही व्यवसाय होने की उम्मीद है।
आटोमोबाइल में हो रही बुकिंग, त्योहार पर बढ़ेगी बिक्री
शामली। दिल्ली रोड स्थित आटो मोबाइल विक्रेता अंकुर कुमार का कहना है कि पिछले साल नवरात्र में 30-35 बाइकों की प्रतिदिन बुकिंग होती थी। इस साल पिछले साल की अपेक्षा कम बाइकों की बिक्री और बुकिंग हुई है। पिछले साल की अपेक्षा बाजार पर 10-15 प्रतिशत असर है। मौजूदा दौर में 20-25 बाइकों की बुकिंग हो रही है। पांच-छह बाइकों की बिक्री हो रही है। अभी लोग नवरात्र, दशहरा, धनतेरस और दीपावली पर डिलीवरी लेने के लिए बुकिंग करा रहे हैं। त्योहारों पर बाइकों की अच्छी बिक्री होने की संभावना है।
ज्यादातर इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, जूते, रेडीमेड आदि कारोबार में उछाल आया है। आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में और ज्यादा बिक्री बढ़ेगी। सरकारी कर्मचारियों को दस हजार रुपये का बोनस देने की घोषणा की गई है। जब यह बोनस मिल जाएगा और कारोबार में और ज्यादा निखार आएगा।
- घनश्यामदास गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सयुंक्त व्यापार मंडल।