शामली। अक्षय तृतीया और ईद को लेकर बाजार की रौनक बढ़ गई है। जिले में सराफा कारोबार के साथ ही बैंडबाजा, बरात और साज सज्जा और फूल कारोबारियों की बल्ले-बल्ले है। मैरिज होम और होटल बुक हो चुके हैं। इस अबूझ सहालग में 150 से ज्यादा शादियां होंगी। कारोबारियों की मानें तो अक्षय तृतीया पर करीब 10 करोड़ का कारोबार होगा। इस दिन अन्य विवाहों के साथ ही कई सामूहिक विवाह समारोह भी हैं। इसके साथ ही ईद के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की।
वैवाहिक स्थल फुल, ज्वेलरी और कपड़ा बाजार में आई चमक
एमएस फार्म हाऊस के संचालक अभिनव निर्वाल का कहना है कि अक्षय तृतीया का सहालग सीजन का सबसे बड़ा है। इसके लिए वैवाहिक स्थल और होटल फुल हो चुके हैं। बैंड, डेकोरेटर, फूल सज्जा से लेकर बिजली की सजावट, फोटोग्राफर, ब्यूटी पार्लर की बुकिंग भी इस दिन की नहीं मिल पा रही हैं। इस सहालग से मैरिज होम, होटलों को लगभग 5 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
सराफा कारोबारी ने रवि संगल ने बताया कि इस बार अक्षय तृतीया पर 2 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद है। इस दिन सोने की ज्यादा बिक्री होती है। इसे साथ ही चांदी और हीरे के आभूषण भी खरीदे जाते हैं। सहालग का सीजन होने के कारण अभी से बाजार में आभूषणों की अच्छी खासी मांग है। नए हल्के वजन की ज्वेलरी को लोग पसंद कर रहे हैं। कलरफुल ज्वेलरी भी डिमांड में आ गई है।
कपड़ा कारोबारी अमरीश कुमार का कहना है कि कपड़ा बाजार में खरीदारी तेज आ चुकी है। कपड़ा कारोबार से ही 2 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद है। कैटरिंग कारोबारी रजनीश नामदेव का कहना है कि महंगाई के बाद भी शादियों में खानपान को लेकर लोग समझौता नहीं कर रहे हैं। मिलन बैंड के शफीक का कहना है कि अक्षय तृतीया का सहालग के लिए पहले से ही बुकिंग हो चुकी हैं। अब बाहर से भी लोग बैंड बुक कराकर ला रहे हैं।
30 से ज्यादा बाइकों की बुकिंग
एटूजेड टू व्हीलर के संचालक शरद तोमर कहना है कि 18 बाइकों की बुकिंग अक्षय तृतीया के दिन की है। कुछ ग्राहक ऑन द स्पॉट आकर भी खरीदारी करते हैं। इस बार अक्षय तृतीया पर बाइकों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।