दथेड़ा प्रकरण की जांच सीओ को सौंपी
चौसाना (शामली)। दथेड़ा में दबिश के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच बैठा दी गई है। उधर, इस घटना से संबंधित वायरल हो रही वीडियो चर्चा का विषय बनी है। इसमें पुलिस कर्मी लोगों को धमका रहे हैं, महिलाएं भी चिल्ला रही हैं।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि दथेड़ा में टेंपो लूट की सूचना पर पुलिस गांव में गई थी, लेकिन ग्रामीणों द्वारा पुलिसकर्मियों पर लगाए जा रहे आरोपों के बारे में भी पुलिस जांच कराएगी। इस प्रकरण में चौसाना पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में पूरी रिपोर्ट एएसपी से मांगी गई है। उनसे कहा गया है कि वे इसमें सभी तथ्यों का पता करके अपनी जांच दें। उधर, एएसपी राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि सीओ कैराना इसकी जांच कर रहे हैं। उनके द्वारा सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद रिपोर्ट तैयार कर एसपी को भेज दी जाएगी।
उधर बृहस्पतिवार को चौसाना क्षेत्र में इस घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल हुई है। इसमें कई पुलिस कर्मी नजर आ रहे हैं। महिलाएं और बच्चे चीख रहे हैं। पुलिस कर्मी लोगों को धमकाते हुए डंडे से खदेड़ रहे हैं। वीडियो में महिला बच्चों के चीखते वक्त कैमरे को वहां से हटा लिया गया है। इसमें टेंपो को स्टार्ट कर एक युवक ले जाता भी नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि यह वीडियो खुद पुलिस वालों ने बनाई है, लेकिन इसमें शोर मचा रहे महिलाओं और बच्चों की तरफ से कैमरा क्यों हटाया गया है ये चर्चा का विषय बना है। गौरतलब है कि मंगलवार को दथेड़ा के ग्रामीणों ने चौसाना पुलिस पर दबिश के नाम पर महिलाओं से मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए महिलाओं, ग्रामीणों ने चौकी पर धरना दिया था। पुलिस पर कई आरोप लगाए थे। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत किया था। एएसपी ने दो दिन का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया था।