शामली/कैराना। भाजपा की परिवर्तन यात्रा को कैराना विजय सिंह पथिक डिग्री कॉलेज में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे। सुरक्षा के लिहाज से डी को एनएसजी कमांडो और दिल्ली पुलिस के जवानों के हवाले सौंपा गया है।
सभा स्थल पर एक कंपनी एएसपी तथा तीन डीएसपी, 18 इंस्पेक्टर, 40 दरोगा, दो सौ कांस्टेबल, 100 पीएससी के जवान, रहेंगे। हैलीपेड से लेकर सभास्थल तक के रूट की व्यवस्था दो डीएसपी के हवाले रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग एएसपी करेेंगे। साथ ही एक डीएसपी की हैलीपेड स्थल पर तैनाती रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तीसरी आंख का सहारा भी लिया है। जनसभा स्थल से लेकर हैलीपेड तक छह स्थान पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। कॉलेज में सीसीटीवी का कंट्रोल रूम होगा।
मंच पर भी जा पाएंगे चुनिंदा लोग
जनसभा स्थल में मंच पर चुनिंदा लोग ही जा पाएंगे। छह विधायक, छह सांसद, प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव सहित कुछ अन्य भाजपाई ही मंच पर जा सकेंगे। पुलिस प्रशासन को मंच पर जाने वाले विधायक, सांसद आदि की सूची सौंप दी गई है।
एंबुलेंस सहित तैनात रहेगी डाक्टरों की टीम
जनसभा स्थल पर आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस लगाई गई है। इसमें डाक्टरों की पूरी टीम रहेगी। यहीं नहीं केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव है। लिहाजा उक्त ग्रुप का ब्लड रखा जाएगा और छह कांस्टेबल इसी ब्लड ग्रुप वाले फ्लीट के साथ तैनात रहेंगे।
एनएसजी कमांडो ने डाला डेरा
गृहमंत्री की जनसभा की तैयारियों को लेकर जनसभा स्थल पर एएसपी अनिल कुमार झा व सीओ सिटी निशांक शर्मा कैंप किए हुए हैं। इनके अलावा दिल्ली से आए एनएसीजी कमांडो और दिल्ली पुलिस ने भी जनसभा स्थल पर डेरा डाल लिया है। सोमवार सुबह जनसभा स्थल पर भीड़ के पहुंचने से पहले ही एनएसजी कमांडो और बम डिस्पोजल स्कवायड जांच करेगा। जनसभा स्थल को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाएगा। इसके बाद ही लोगों की एंट्री जनसभा स्थल में कराई जाएगी।