हवा हुआ कोरोना का खौफ, बाजार खुलते ही उमड़े लोग
शामली। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए हर सप्ताह लागू हो रहे दो दिन के लॉकडाउन के बाद लोग बेखौफ होकर सड़कों पर उतर आए। सोमवार को बाजार खुलते ही जबर्दस्त भीड़ उमड़ पड़ी। प्रमुख बाजार में भीड़ के कारण जाम के हालात बने रहे। दुकानों पर भीड़ और सड़कों पर आवाजाही में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता नहीं दिखा।
शनिवार और रविवार को लागू रहे लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरा था। सोमवार को सुबह नौ बजे बाजार खुलना था। इसके बावजूद कुछ दुकानें तो सुबह छह बजे से ही खुलनी शुरू हो गई थी। नौ बजे तक पूरा बाजार खुला और लोग खरीदारी के लिए पहुंच गए। दोपहर में भीषण गर्मी के बावजूद बाजार शहर की प्रमुख एमएसके रोड पर पैदल एवं वाहनों की आवाजाही खूब नजर आई। इससे बीच-बीच में जाम के हालात बनते रहे। गांधी चौक बाजार में लगी राखियों की दुकानों के कारण काफी भीड़भाड़ रही। बड़ा बाजार, सब्जी मंडी और कबाड़ी बाजार में दुकानों पर ग्राहक उमड़े रहे। सड़कों और दुकानों पर उमड़ी भीड़ कोरोना को लेकर जरा भी सतर्क नहीं दिखी। न तो कहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता दिखा और न ही बचाव के जरूरी उपाय अपनाए जा रहे थे।
कोरोना को लेकर लापरवाही ठीक नहीं
सीएमओ डा. संजय भटनागर का कहना है कि कोरोना को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही ठीक नहीं है। घर से बाहर तभी निकलें जब बेहद जरूरी हो। मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। हाथों को बार-बार धोते रहें। बाहर जा रहे हैं तो किसी भी चीज को छूने से बचें। यदि छूते हैं तो हाथों पर अच्छी तरह सैनिटाइज करें।
चौराहों पर गूंज रहा बचाव का संदेश
नगर पालिका की ओर से शहर के विभिन्न चौराहों पर लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। इनके जरिए डीएम जसजीत कौर एवं एसपी विनीत जायसवाल का कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतने का संदेश लगातार प्रसारित होता है। इसे सुनने के बावजूद लोग भीड़भाड़ लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
शामली एमएसके रोड पर लगा जाम- फोटो : SHAMLI
शामली बडा बाजार स्थित हॉटस्पॉट सैन्टर- फोटो : SHAMLI